Breaking News

नई दिल्ली@‘मंगल मिलन’ बैठक में पीएम मोदी सहित एनडीए नेताओं ने बनाई संसद की रणनीति,एफटीए और मत्स्य क्षेत्र पर हुए प्रजेंटेशन

Share


नई दिल्ली,04 अगस्त 2026। संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले मंगलवार को एनडीए संसदीय दल की साप्ताहिक ‘मंगल मिलन’ बैठक आयोजित हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में हुई बैठक में संसद के मौजूदा सत्र, विधायी कामकाज और विपक्ष के विरोध के बीच गठबंधन की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू और एनडीए के विभिन्न घटक दलों के सांसद उपस्थित रहे।
पीयूष गोयल ने एफटीए पर दिया प्रजेंटेशन : केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत द्वारा हाल में किए गए मुक्त व्यापार समझौतों और उनके रणनीतिक महत्व पर प्रस्तुति दी। उन्होंने सांसदों को व्यापार समझौतों से निर्यात, निवेश, रोजगार और वैश्विक बाजारों तक भारतीय उत्पादों की पहुंच पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों की जानकारी दी। बैठक में सांसदों से इन समझौतों के प्रमुख बिंदुओं को जनता के बीच प्रभावी ढंग से रखने को कहा गया।
मत्स्य क्षेत्र की योजनाओं पर दी जानकारी : केंद्रीय मत्स्य पालन मंत्री राजीव रंजन सिंह ने मत्स्य क्षेत्र में सरकार की योजनाओं और भविष्य के रोडमैप पर जानकारी दी। उन्होंने मछुआरों के कल्याण, मत्स्य उत्पादन बढ़ाने, आधारभूत संरचना विकसित करने और इस क्षेत्र से जुड़े लोगों की आय में वृद्धि के लिए संचालित कार्यक्रमों का विवरण रखा।
किरण रिजिजू ने सांसदों
को किया संबोधित

संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने एनडीए सांसदों को संबोधित करते हुए संसद की कार्यवाही में सक्रिय भागीदारी और विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में सदन के भीतर समन्वय बनाए रखने, महत्वपूर्ण विधेयकों पर गठबंधन का पक्ष मजबूती से रखने और विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब देने की रणनीति पर भी चर्चा होने की जानकारी है।
सुदीप बंद्योपाध्याय पहली बार बैठक में शामिल
नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया से जुड़े सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय पहली बार एनडीए की ‘मंगल मिलन’ बैठक में शामिल हुए। एनसीपीआई हाल में एनडीए के साथ जुड़ा नया राजनीतिक समूह है। पिछले सप्ताह एनसीपीआई के कुछ सांसद बैठक में शामिल नहीं हुए थे। सुदीप बंद्योपाध्याय की उपस्थिति को एनडीए के साथ पार्टी के बढ़ते संसदीय समन्वय के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
संसदीय कामकाज पर रहा जोर
बैठक ऐसे समय हुई, जब विपक्षी हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही लगातार प्रभावित हो रही है। एनडीए नेतृत्व ने सांसदों से सदन में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और सरकार के कामकाज एवं योजनाओं की जानकारी अपने निर्वाचन क्षेत्रों तक पहुंचाने का आह्वान किया।


Share

Check Also

आजमगढ़@डीजल लेकर जा रहा टैंकर बिजली के पोल से टकराया लगी भीषण आग,3 लोगों की जिंदा जलकर मौत

Share आजमगढ़,04 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से एक बेहद दिल दहला देने …

Leave a Reply