नई दिल्ली,04 अगस्त 2026। डोंगरगढ़ भाजपा में पिछले कुछ समय से चल रहा संगठनात्मक असंतोष थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार सामने आ रहे इस्तीफों ने पार्टी की स्थानीय इकाई में हलचल बढ़ा दी है। पहले बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के इस्तीफे चर्चा का विषय बने,वहीं अब भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की नई जिला कार्यकारिणी घोषित होने के अगले ही दिन डोंगरगढ़ मंडल के सह-संयोजक पंकज अग्रवाल ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस नए घटनाक्रम ने संगठन के भीतर चल रही गतिविधियों और संभावित असंतोष को लेकर राजनीतिक चर्चाओं को फिर से तेज कर दिया है। पंकज अग्रवाल ने भाजपा जिलाध्यक्ष को भेजे अपने इस्तीफा पत्र में बताया कि वे लंबे समय से भाजपा आईटी सेल में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे और संगठन की विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे हैं। उन्होंने लिखा कि वर्तमान में व्यक्तिगत और व्यावसायिक दायित्वों के कारण वे संगठन को अपेक्षित समय नहीं दे पा रहे हैं। इसी वजह से उन्होंने भाजपा आईटी सेल की जिम्मेदारियों के साथ-साथ पार्टी के सभी दायित्वों से तत्काल प्रभाव से मुक्त किए जाने का अनुरोध किया है। अपने पत्र में उन्होंने पार्टी नेतृत्व द्वारा मिले अवसर, मार्गदर्शन और विश्वास के लिए आभार भी व्यक्त किया। पंकज अग्रवाल के इस्तीफे की सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि उन्होंने अपने पत्र में किसी भी नेता,पदाधिकारी या संगठन के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उनका निर्णय पूरी तरह निजी और व्यावसायिक कारणों से जुड़ा हुआ है। हालांकि, उनका इस्तीफा ऐसे समय सामने आया है जब डोंगरगढ़ भाजपा पहले से ही लगातार आंतरिक असंतोष और संगठनात्मक चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे में उनके इस्तीफे को लेकर राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur