खड़गे बोले…ईडी कहां है,रिजिजू ने कहा…विपक्ष घडि़याली आंसू बहा रहा
नई दिल्ली,04 अगस्त 2026। संसद के मानसून सत्र के 12वें दिन राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ। मंगलवार को लोकसभा की कार्यवाही सिर्फ 19 मिनट चल पाई। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन ने इस दौरान टैक्स संशोधन से जुड़े बिल पेश किए। इसके बाद सदन बुधवार तक के लिए स्थगित हो गई। राज्यसभा की कार्यवाही दिन में दो बार स्थगित हुई। 11 बजे कार्यवाही शुरू होने के आधे घंटे के भीतर स्थगित भी हो गई। दोपहर 12 बजे कार्यवाही दोबारा शुरू हुई,लेकिन 20 मिनट ही चल पाई। दोपहर 2 बजे कार्यवाही फिर शुरू हुई। इससे पहले राज्यसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के बीच बहस हुई। खड़गे ने कहा- राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन केंद्र सरकार ने किया था। ट्रस्ट को 70 एकड़ से ज्यादा जमीन सौंपी। पीएम खुद राम मंदिर से जुड़े हर आयोजन में शामिल हुए। अब ईडी,सीबीाआई और अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियां कहां हैं। सरकार को सदन में इसका जवाब देना चाहिए। इस पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा- कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने राम मंदिर बनने पर काली पट्टी बांधकर विरोध किया था। आज वही लोग घडि़याली आंसू बहाकर देश को गुमराह नहीं कर सकते। पहले भगवान राम का अपमान करने के लिए देश से माफी मांगिए, उसके बाद सरकार से जवाब मांगिए।
खड़गे बोले…सरकार चंदा चोरी पर जवाब दे,रिजिजू ने कहा…विपक्ष घडि़याली आंसू बहा रहा : राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर कैश, चढ़ावा, गहने और जमीन से जुड़े गंभीर आरोप सामने आए हैं। इस ट्रस्ट का गठन केंद्र सरकार ने किया था। संसद में इसकी घोषणा खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी। खड़गे ने कहा- पीएम ने ट्रस्ट को 70 एकड़ से ज्यादा जमीन सौंपी और वे राम मंदिर के हर महत्वपूर्ण आयोजन में शामिल होते रहे हैं। खड़गे ने सवाल किया कि ईडी,सीबीाआई और अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियां इस मामले में क्या कर रही हैं। सरकार को सदन में इसका जवाब देना चाहिए।
वित्त मंत्री सीतारमन ने शोर-शराबे के बीच बिल पेश किया
मंगलवार को दोपहर 2 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसद खड़े होकर नारे लगाने शुरू कर दिए। पीठासीन दिलीप सैकिया ने इन सांसदों को नारे न लगाने और बैठ जाने के लिए कहा लेकिन वे नहीं माने। शोर शराबे के बीच वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन ने टैक्सेशन एंड अदर्स लॉ (संशोधन) बिल पेश किया।
विपक्ष का संसद परिसर में प्रदर्शन
प्रियंका बोलीं…भाजपा से ऊब चुकी जनता
संसद के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को कांग्रेस,समाजवादी पार्टी,राजद और अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद भवन परिसर में राम मंदिर चढ़ावे में गड़बड़ी के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। विपक्षी सांसदों ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जवाबदेही की मांग की। संसद भवन परिसर में हुए प्रदर्शन में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा,समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव, धर्मेंद्र यादव,अवधेश प्रसाद,राजद सांसद मनोज झा,संजय यादव,कांग्रेस नेता सैयद नासिर हुसैन,कर्मवीर बौद्ध सहित कई विपक्षी सांसद शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान राजद सांसद मनोज झा ने एक पोस्टर हाथ में ले रखा था,जिस पर लिखा था,भाजपा ने किया राम का अपमान,दान चोरी पर कब दोगे बयान। कई सांसदों ने चंदा चोर गद्दी छोड़ लिखे पोस्टर भी प्रदर्शित किए। कांग्रेस सांसदों ने एक बड़ा पोस्टर हाथ में लेकर सवाल किया,अमित शाह संसद से गायब क्यों? विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में प्रतीकात्मक रूप से एक दानपात्र भी रखा, जिसमें कई सांसदों ने विरोध स्वरूप चंदा डाला। प्रदर्शन के दौरान शेम-शेम के नारे भी लगाए गए और सरकार से राम मंदिर चढ़ावे में कथित गड़बड़ी पर जवाब देने की मांग की गई। इस बीच मध्यप्रदेश के दतिया और बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि देश की जनता अब भारतीय जनता पार्टी से थक चुकी है और उपचुनाव के नतीजे इसकी शुरुआत हैं।
विपक्ष के हंगामे के बीच जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक 2026 राज्यसभा से पारित

राज्यसभा ने मंगलवार को विपक्षी दलों के हंगामे के बीच जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक,2026 को ध्वनिमत से पारित कर दिया। यह विधेयक 31 जुलाई को लोकसभा से पारित हो चुका है। विधेयक का उद्देश्य जन्म और मृत्यु के विलंबित पंजीकरण की प्रक्रिया को अधिक सख्त और पारदर्शी बनाना है। इसके तहत दो वर्ष से अधिक की देरी से जन्म या मृत्यु का पंजीकरण कराने के लिए अब प्रथम श्रेणी के न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश को अनिवार्य किया गया है। दो बार सदन की कार्यवाही आज स्थगित होने के बाद दोपहर 02 बजे जब दोबारा शुरू हुई तो राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने गृहराज्य मंत्री नित्यानंद राय को विधेयक पर विचार के लिए प्रस्ताव पेश करने के लिए कहा। उसके बाद चर्चा की शुरुआत करते हुए उपाध्यक्ष ने विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे को बोलने की अनुमति दी। खरगे ने कहा कि सदन में अनुशासन बनाए रखने का एकमात्र तरीका प्रधानमंत्री और गृहमंत्री का सदन में आकर बयान देना है। उन्हें सदन में आना चाहिए। इसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया। उपसभापति ने छत्तीसगढ़ से कांग्रेस की फूलो देवी नेताम को विधेयक पर चर्चा के लिए बोलने का मौका दिया। नेताम ने कहा कि यह विधेयक गृह मंत्रालय से संबंधित है इसलिए गृहमंत्री को सदन में उपस्थित होना चाहिए। इसके बाद उन्हें बीच में ही रोक कर उत्तर प्रदेश से भाजपा सांसद दर्शना सिंह को बोलने का मौका दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur