-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने और उससे 6.50 लाख रुपये लेने के आरोप में मणिपुर थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, पीडि़ता ने रायपुर के पुरानी बस्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 अप्रैल से 3 जुलाई 2026 के बीच बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छाछी निवासी परमेश्वर साहू ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने पीडि़ता से 6 लाख 50 हजार रुपये भी ले लिए। प्रकरण में पुरानी बस्ती थाने में शून्य पर अपराध दर्ज किए जाने के बाद विवेचना के लिए केस डायरी मणिपुर थाना, अम्बिकापुर भेजी गई। यहां अपराध क्रमांक 137/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 एवं 351(3) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने पीडि़ता का बयान दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार प्रयास के बाद पुलिस टीम ने आरोपी परमेश्वर साहू (29 वर्ष), पिता हरलाल प्रसाद साहू, निवासी ग्राम छाछी, थाना कसडोल, जिला बलौदाबाजार को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मणिपुर उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी,महिला प्रधान आरक्षक मालती तिवारी तथा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur