भपौली में नाबालिग से दुराचार मामले में महिला कांग्रेस का अल्टीमेटम,पुलिस पर लापरवाही का आरोप
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। भपौली में नाबालिग से दुराचार के मामले में आरोपी की 72 घंटे के भीतर गिरफ्तारी नहीं होने पर महिला कांग्रेस ने कोतवाली थाना घेरने की चेतावनी दी है। इस संबंध में महिला कांग्रेस शहर इकाई की बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया। महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष सीमा सोनी ने कहा कि जिले में नाबालिग,विशेषकर आदिवासी बच्चियों के साथ हो रहे अपराधों के मामलों में पुलिस का रवैया संवेदनशील नहीं है। उनका आरोप है कि पुलिस की ढिलाई के कारण कई मामलों में आरोपियों को कानून से बच निकलने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्राम वंदना में नाबालिग आदिवासी बच्चियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में भी थाना सीतापुर ने कार्रवाई में देरी की, जिससे एफएसएल जांच से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य प्रभावित हुए। अब भपौली की घटना में भी रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं। सीमा सोनी ने कहा कि यदि 72 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो महिला कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कोतवाली थाना पहुंचकर घेराव और विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur