आगरा,01 अगस्त 2026। आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के हॉस्टल से राष्ट्रीय स्तर के टेबल टेनिस खिलाड़ी वंश सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान हॉस्टल के सीसीटीवी कैमरे बंद मिले, जिसके बाद पुलिस अब स्मार्ट सिटी के कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
चार साल से हॉस्टल में रहकर कर रहे थे अभ्यास
वंश सिंह शाहगंज के नगला छऊआ के रहने वाले हैं और पिछले चार वर्षों से एकलव्य स्टेडियम के हॉस्टल में रहकर टेबल टेनिस की ट्रेनिंग ले रहे थे। वह अंडर-17 की कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं और कई पदक भी जीत चुके हैं। उनके बड़े भाई ध्रुव सिंह भी राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
वंश के पिता शैलेश सिंह का आरोप है कि गुरुवार को स्टेडियम प्रशासन ने बेटे के झगड़े की जानकारी देकर हॉस्टल से हटाने की बात कही थी। शुक्रवार सुबह जब वे हॉस्टल पहुंचे तो बताया गया कि वंश सुबह करीब 5 बजे बिना बताए कहीं चला गया। परिजनों का आरोप है कि हॉस्टल के एक अधिकारी और कर्मचारी ने वंश के साथ मारपीट की थी, जिससे वह मानसिक तनाव में था। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने कहा कि वंश बिना सूचना दिए हॉस्टल से चला गया था। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के कारण सीसीटीवी कैमरे बंद थे और मारपीट की जानकारी उन्हें नहीं है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि खिलाड़ी की तलाश के लिए टीम लगाई गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और स्टेडियम कर्मचारियों से भी पूछताछ की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur