-संवाददाता-
अम्बिकापुर,29 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शिक्षा जगत के लिए बुधवार का दिन बेहद दुःखद रहा। मार्गदर्शन संस्थान एवं मार्गदर्शन एग्रीकल्चर कॉलेज के संस्थापक मानवेंद्र सिंह का वाराणसी में हृदयाघात (हार्ट अटैक) से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही शिक्षा जगत,सामाजिक संगठनों और शहरवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। मानवेंद्र सिंह ने अपने जीवन को शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित करते हुए हजारों विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके मार्गदर्शन और दूरदर्शी सोच से अनेक युवाओं को उच्च शिक्षा एवं रोजगार की दिशा मिली। उनके निधन को शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई कि उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति और संबल दें। उनका अंतिम संस्कार अम्बिकापुर के स्थानीय मुक्तिधाम शंकर घाट में पूरे श्रद्धा और सम्मान के साथ किया गया। अंतिम यात्रा एवं अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी, शहरवासी,शिक्षाविद,गणमान्य नागरिक,मित्र एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई देते हुए उनके व्यक्तित्व एवं शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur