बिना लाइसेंस वाहन चलाने पर होगी अभिभावकों की काउंसिलिंग,साइबर ठगी से बचाव के भी बताए उपाय
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,29 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। नाबालिगों की सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और सडक दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस ने जिले के विभिन्न स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, नए आपराधिक कानूनों और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में जिले के थाना एवं चौकी प्रभारियों ने हाई स्कूल दरिमा, हायर सेकेंडरी स्कूल रघुनाथपुर, सलका और सुंदरपुर मणिपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। विद्यार्थियों को बिना लाइसेंस और बिना हेलमेट वाहन नहीं चलाने, सडक सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा जिम्मेदार यातायात व्यवहार अपनाने की समझाइश दी गई। पुलिस ने बताया कि समझाइश के बाद भी यदि छात्र वाहन से स्कूल आते हैं तो उनके अभिभावकों को बुलाकर काउंसिलिंग की जाएगी। कार्यक्रम में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम की जानकारी दी गई। साथ ही पॉक्सो एक्ट, टोनही प्रताडऩा, नशे के दुष्परिणाम और साइबर अपराधों के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। पुलिस ने ऑनलाइन ठगी से बचने,अंजान लोगों के साथ वित्तीय लेनदेन में सतर्क रहने और डिजिटल सुरक्षा अपनाने की सलाह दी। सरगुजा पुलिस ने कहा है कि यह जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को बिना लाइसेंस वाहन चलाने के लिए वाहन उपलब्ध न कराएं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur