रायपुर,29 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष और जगदलपुर से विधायक किरण सिंह देव बुधवार को उत्तर प्रदेश के ललितपुर के पास एक सड़क हादसे में घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है,जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। उन्हें एयरलिफ्ट कर रायपुर लाने की भी तैयारी की जा रही है। हादसे के समय उनकी पत्नी और बच्चे दूसरी गाड़ी में सवार थे,इसलिए वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव मध्य प्रदेश स्थित बागेश्वर धाम में दर्शन-पूजन करने के बाद छत्तीसगढ़ लौट रहे थे। रास्ते में उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर झरर घाट के उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हाईवे पर सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा टकराई। इससे किरण सिंह देव की कमर में चोट आई है, जिससे उन्हें चलने-फिरने में तकलीफ हो रही है। झांसी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों द्वारा की गई शुरुआती जांच में किसी फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। कार में सवार उनके पीएसओ, पीए और चालक को मामूली चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि काफिले में पीछे चल रही अन्य सभी गाडि़यां पूरी तरह सुरक्षित हैं। बताया जा रहा है कि किरण सिंह देव परिवार के साथ गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपने निजी कार्यक्रम के तहत बागेश्वर धाम गए थे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किरण सिंह देव के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा,‘’प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव के सड़क दुर्घटना में घायल होने की सूचना मिली। उनका इलाज झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मां दंतेश्वरी से प्रार्थना है कि किरणजी को शीघ्र ही पूर्ण स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।’’
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur