Breaking News

कोरिया/शिवपुर-चरचा @ जनसमस्याओं पर कांग्रेस का हल्ला बोल,लाल मुनि यादव की अगुवाई में नगर पालिका के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

Share

  • पानी,सफाई और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदर्शन,उग्र आंदोलन की चेतावनी
  • अब जनता जवाब देगी’ पेयजल संकट और बदहाल व्यवस्था को लेकर नगर पालिका पर बरसी कांग्रेस
  • पेयजल संकट से ठप विकास तक, जनआक्रोश के बीच नगर पालिका प्रशासन पर साधा निशाना
  • नगर पालिका की कार्यशैली पर कांग्रेस का हमला,पेयजल और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर गरजा जनआंदोलन

-रवि सिंह-
कोरिया/शिवपुर-चरचा,27 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।
नगर पालिका परिषद शिवपुर-चरचा में व्याप्त पेयजल संकट,सफाई व्यवस्था की बदहाली, कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने, कथित भ्रष्टाचार तथा पिछले दो वर्षों से विकास कार्यों के ठप पड़े रहने के विरोध में सोमवार को राजीव गांधी चौक जनआक्रोश का केंद्र बन गया,कांग्रेस के बैनर तले आयोजित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन में नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष लाल मुनि यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी,कार्यकर्ता,महिलाएं,व्यापारी,युवा और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। धरना स्थल पर पूरे दिन नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारे गूंजते रहे और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग उठती रही, आंदोलन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नगर पालिका परिषद अपने मूल दायित्वों का निर्वहन करने में असफल साबित हुई है। नगरवासी पानी, सफाई,सड़क,नाली और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं,जबकि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि समस्याओं के समाधान के बजाय केवल आश्वासन देने तक सीमित हैं।
शिवपुर-चरचा में फिर भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर, जनता किसे देगी भरोसा?
शिवपुर-चरचा नगर पालिका का चुनावी इतिहास बताता है कि यहां की जनता ने अब तक भाजपा और कांग्रेस दोनों को लगभग बराबर अवसर दिए हैं,नगर पालिका में दो बार भाजपा ने सत्ता हासिल की है तो दो बार कांग्रेस को भी जनता ने जिम्मेदारी सौंपी है,हालांकि कांग्रेस के दूसरे कार्यकाल के दौरान राजनीतिक परिस्थितियां बदलीं और भाजपा ने सत्ता में सेंध लगाकर समीकरण बदल दिए,ऐसे में आगामी नगर पालिका चुनाव एक बार फिर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी और दिलचस्प टक्कर का संकेत दे रहा है,इस बार कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी खोई हुई सत्ता को वापस हासिल करने की होगी, जबकि भाजपा अपने मौजूदा राजनीतिक आधार और सत्ता को बरकरार रखने के लिए पूरा दम लगाएगी। लेकिन दोनों दलों के सामने अपनी-अपनी अलग-अलग चुनौतियां भी मौजूद हैं, कांग्रेस के लिए सबसे बड़ा सवाल अभी भी नेतृत्व और प्रत्याशी चयन का है, पार्टी किस चेहरे पर दांव लगाएगी और कौन ऐसा उम्मीदवार होगा जो संगठन और जनता दोनों का विश्वास जीतकर कांग्रेस की नैया पार लगाएगा,यह चुनाव का सबसे महत्वपूर्ण पहलू रहेगा,इसके साथ ही कांग्रेस के लिए आंतरिक एकजुटता भी बड़ी परीक्षा होगी। यदि पार्टी गुटबाजी से ऊपर उठकर एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरती है, तो भाजपा को कड़ी चुनौती देने की स्थिति में आ सकती है,लेकिन यदि अंदरूनी मतभेद हावी रहे तो सत्ता वापसी की राह और कठिन हो सकती है, वहीं भाजपा के लिए भी चुनाव आसान नहीं माना जा सकता। लंबे समय तक सत्ता में रहने के कारण इस बार उसके कार्यकाल का मूल्यांकन जनता करेगी, नगर की मूलभूत सुविधाएं,विकास कार्य,पेयजल, सफाई, सड़क,कर्मचारियों की समस्याएं और जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली जैसे मुद्दे चुनावी बहस के केंद्र में रहने की संभावना है,ऐसे में भाजपा को केवल संगठन के भरोसे नहीं, बल्कि अपने कार्यकाल के प्रदर्शन के आधार पर भी जनता का विश्वास जीतना होगा,कुल मिलाकर शिवपुर-चरचा नगर पालिका का आगामी चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन या सत्ता बचाने की लड़ाई नहीं होगा,बल्कि यह जनता के विश्वास,विकास के दावों और दोनों प्रमुख दलों की राजनीतिक रणनीति की भी परीक्षा होगी। अब देखना होगा कि जनता एक बार फिर सत्ता परिवर्तन का फैसला करती है या भाजपा को लगातार एक और मौका देती है। चुनावी रण में बाजी आखिर किसके हाथ लगेगी,इसका फैसला नगर की जनता अपने मत से करेगी।
कर्मचारियों के वेतन भुगतान का मुद्दा भी उठा-आंदोलन में नगर पालिका कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया,नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने से उनका मनोबल प्रभावित हो रहा है और इसका असर नगर पालिका की सेवाओं पर भी पड़ रहा है।
लाल मुनि यादव बोले…जनता के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी-धरना को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष लाल मुनि यादव ने नगर पालिका प्रशासन पर तीखा हमला बोला,उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह विफल साबित हुई है, उन्होंने कहा,लोगों को पीने का स्वच्छ पानी नहीं मिल रहा है,नालियां गंदगी से भरी हुई हैं,कर्मचारी वेतन के लिए परेशान हैं और विकास कार्य पूरी तरह ठप्प पड़े हैं,यदि जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो यह आंदोलन केवल एक दिन के धरने तक सीमित नहीं रहेगा,बल्कि जन-जन को साथ लेकर व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा।
योगेश शुक्ला बोले…जनता अब आश्वासन नहीं,परिणाम चाहती है-वरिष्ठ कांग्रेसी नेता योगेश शुक्ला ने कहा कि जनता ने विकास और बेहतर व्यवस्थाओं की उम्मीद के साथ जनप्रतिनिधियों को चुना था, लेकिन आज हालात यह हैं कि नागरिक मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं,उन्होंने कहा, ‘भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी ने विकास की गति रोक दी है, यदि प्रशासन जनता की आवाज को अनसुना करेगा तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी,जनता का हक छीनने वालों को अब जनता ही लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।
अशोक जायसवाल बोले…कांग्रेस हमेशा जनता के साथ खड़ी रही-कांग्रेस नेता अशोक जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के सुख-दुख में साथ खड़ी रही है, उन्होंने कहा…‘जब-जब जनता पर कोई संकट आया है, कांग्रेस के लोगों ने आवाज उठाई है, आज भी हम नगर की जनता की समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और आगे भी जनता के बीच रहकर उनकी लड़ाई लड़ते रहेंगे। ‘
वेदांती तिवारी बोले…जनता का सब्र अब टूट चुका है- कांग्रेस नेता वेदांती तिवारी ने कहा कि धरना स्थल पर उमड़ी भीड़ इस बात का संकेत है कि जनता अब चुप नहीं बैठेगी, उन्होंने कहा, ‘लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है,जब जनप्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारी भूल जाते हैं तो जनता उन्हें सबक सिखाना जानती है। कांग्रेस हर नागरिक के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ेगी। ‘
समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन-धरना-प्रदर्शन के समापन पर कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त रूप से चेतावनी दी कि यदि नगर पालिका प्रशासन ने पेयजल संकट, सफाई व्यवस्था, कर्मचारियों के वेतन भुगतान, कथित भ्रष्टाचार और ठप पड़े विकास कार्यों को लेकर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा, नेताओं ने कहा कि आगामी दिनों में नगर पालिका का घेराव, जनजागरण अभियान और बड़े स्तर पर जनआंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी, उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस पीछे हटने वाली नहीं है।
ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद- धरना-प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, नेता प्रतिपक्ष लाल मुनि यादव, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता योगेश शुक्ला, वेदांती तिवारी, दीपक गुप्ता, अजय सिंह, हेम सागर यादव, अनिल जायसवाल, चन्द्रप्रकाश रजवाड़े, सोहेल अहमद, अभिजीत सिंह, राजकुमार पासवान, विजेन्द्र कुमार, गणेश जायसवाल, अशोक जायसवाल, जागृत कुरे, बल्ली मोदी, जानू वशीम, विक्रांत सिंह, गणेश राजवाड़े, संगीता राजवाड़े,रविशंकर राजवाड़े,नीता मिश्रा,एजाज गुड्डू, धर्मवीर यादव, आशीष डबरे, प्रवीण भट्टाचार्य, ईश्वर सिंह पटना,राकेश सिंह पटना, रामाधार टोपो, अनिल सिंह, नौशाद अली, दिनेश यादव,भूपेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता,महिलाएं,व्यापारी एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
महिलाओं और व्यापारियों की बड़ी भागीदारी बनी आंदोलन की ताकत
धरना-प्रदर्शन की सबसे बड़ी विशेषता महिलाओं और व्यापारियों की सक्रिय भागीदारी रही,बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में तख्तियां लेकर धरना स्थल पहुंचीं और नगर की बदहाल व्यवस्थाओं के खिलाफ आवाज बुलंद की,व्यापारियों ने भी नगर की अव्यवस्था और विकास कार्यों में कथित लापरवाही पर चिंता व्यक्त करते हुए आंदोलन का समर्थन किया,आयोजकों ने कहा कि यह केवल कांग्रेस का आंदोलन नहीं,बल्कि नगर की जनता के अधिकारों की लड़ाई है,उन्होंने आंदोलन में शामिल सभी नागरिकों,महिलाओं और व्यापारी वर्ग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता की यही एकजुटता बदलाव का आधार बनेगी।
पेयजल संकट से परेशान नगर,बूंद-बूंद पानी के लिए भटक रहे लोग
धरने में सबसे अधिक चर्चा नगर में गहराते पेयजल संकट को लेकर हुई,वक्ताओं ने आरोप लगाया कि नगर के कई वार्डों में नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा है,कई परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पानी के लिए भटकना पड़ रहा है,कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह स्थिति किसी भी नगर पालिका के लिए गंभीर चिंता का विषय है,लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
बारिश में सफाई व्यवस्था ध्वस्त,बीमारियों का खतरा बढ़ा…
धरना-प्रदर्शन में नगर की सफाई व्यवस्था और स्वास्थ्य संबंधी मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए, नेताओं ने कहा कि बारिश का मौसम शुरू होने के बावजूद नालियों की सफाई नहीं कराई गई है,कई स्थानों पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है,जिससे मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है,आरोप लगाया गया कि नगर पालिका द्वारा न तो नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है और न ही कीटनाशक दवाओं का उपयोग किया जा रहा है, इससे नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
विकास कार्य दो वर्षों से ठप होने का आरोप
धरना स्थल से वक्ताओं ने नगर पालिका प्रशासन पर विकास कार्यों की उपेक्षा का भी आरोप लगाया, उनका कहना था कि पिछले लगभग दो वर्षों से नगर में नए विकास कार्य शुरू नहीं हो पाए हैं और कई स्वीकृत कार्य भी अधूरे पड़े हैं, कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि विकास कार्यों में कथित कमीशनखोरी और अनियमितताओं के कारण नगर का विकास प्रभावित हुआ है, जिसका खामियाजा आम जनता भुगत रही है।
गणेश राजवाड़े ने कहा…माताएं-बहनें पानी के लिए भटक रहीं…
कांग्रेस नेता गणेश राजवाड़े ने कहा कि नगर में पेयजल संकट भयावह रूप ले चुका है,उन्होंने कहा…‘माताओं और बहनों को बूंद-बूंद पानी के लिए भटकना पड़ रहा है, प्रशासन कागजों में विकास दिखा रहा है, जबकि जमीन पर स्थिति बिल्कुल अलग है, यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। ‘
अजय सिंह ने भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया
कांग्रेस नेता अजय सिंह ने आरोप लगाया कि नगर पालिका में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के कारण विकास कार्य प्रभावित हुए हैं, उन्होंने कहा…‘जो पैसा जनता की सुविधाओं पर खर्च होना चाहिए था, वह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है। कांग्रेस जनता की गाढ़ी कमाई के पैसे की बंदरबांट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। ‘
भूपेंद्र यादव ने दी घेराव की चेतावनी
कांग्रेस नेता भूपेंद्र यादव ने नगर पालिका प्रशासन पर बरसते हुए कहा कि बारिश शुरू होने के बावजूद नालियों की सफाई और मच्छरों की रोकथाम के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई है,उन्होंने कहा…‘प्रशासन की यह लापरवाही जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है,यदि तत्काल जनसमस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस नगर पालिका का घेराव करेगी और व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। ‘


Share

Check Also

रायपुर@एआई वीडियो विवाद में महिला आयोग सख्त कांग्रेस के 2 नेताओं पर एफआईआर के निर्देश,3 दिन में मांगी रिपोर्ट

Share रायपुर,27 जुलाई 2026। सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट और एआईसे बनाए …

Leave a Reply