राजीव भवन से गांधी प्रतिमा तक कैंडल मार्च,परीक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,23 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। बस्तर की नीट अभ्यर्थी हरिका राव नायडू के निधन पर जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने गुरुवार को राजीव भवन से गांधी प्रतिमा तक मौन रैली निकालकर श्रद्धांजलि अर्पित की। रैली के बाद कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत छात्रा को श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हरिका राव नायडू ने नीट की पहली परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त किए थे और चयन को लेकर आश्वस्त थीं,लेकिन पेपर लीक के बाद दोबारा आयोजित परीक्षा में असफल होने से वह मानसिक तनाव में आ गईं। कांग्रेस ने इस घटना को शिक्षा एवं परीक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता बताते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की मांग की। इस अवसर पर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा सोनी ने कहा कि केंद्र सरकार की परीक्षा प्रणाली की विफलता के कारण एक प्रतिभाशाली छात्रा की जान चली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि सरकार परीक्षाओं का निष्पक्ष संचालन नहीं कर सकती तो उसे नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ देना चाहिए। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जे.पी. श्रीवास्तव, द्वितेंद्र मिश्रा, राकेश गुप्ता, हेमंत सिन्हा, विनय शर्मा, नुरुल अमीन सिद्दीकी, दुर्गेश गुप्ता, मदन जायसवाल, प्रशांत सिंह, इंद्रजीत सिंह धंजल, अनिमा केरकेट्टा, संजीव मंदिलवार, मुनेश्वर राजवाड़े, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, संजय सिंह, जमील खान, आलोक सिंह, नरेंद्र विश्वकर्मा, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, निकी खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur