तीन दिन की लगातार बारिश से घुटघुट्टा डेम के खुले दो गेट,मैनपाट बादलों की आगोश में, किसानों ने तेज की धान रोपाई

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,23 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। करीब एक महीने तक कमजोर पड़े मानसून ने आखिरकार सरगुजा में दमदार वापसी कर ली है। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जिले की तस्वीर बदल दी है। सूखे जैसे हालात से जूझ रहे खेत अब पानी से भर गए हैं, घुटघुट्टा डेम लबालब होकर छलकने लगा है और मैनपाट की वादियां बादलों व धुंध से ढंक गई हैं। बारिश ने जहां किसानों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी है,वहीं पर्यटन कारोबार में भी नई उम्मीद जगा दी है। लगातार वर्षा के कारण घुटघुट्टा डेम का जलस्तर तेजी से बढ़ा। मंगलवार तक 81 प्रतिशत भरा डेम बुधवार को 90 प्रतिशत से अधिक भर गया। इसके बाद जल संसाधन विभाग ने अतिरिक्त पानी की निकासी के लिए दो गेट खोल दिए। डेम से पानी छोड़े जाने के बाद घुटघुट्टा नदी का बहाव तेज हो गया है। विभाग ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो अन्य गेट भी खोले जा सकते हैं।
बादलों के बीच फिर खिल उठा मैनपाट : बारिश ने सरगुजा के पर्यटन स्थल मैनपाट की खूबसूरती को नई पहचान दी है। बादल पहाडिय़ों से उतरकर सडकों तक पहुंच रहे हैं। चारों ओर फैली हरियाली, बहते झरने और ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है। सप्ताहांत से पहले ही पर्यटकों की आवाजाही बढऩे लगी है। होटल और रिसॉर्ट संचालकों को भी आने वाले दिनों में बेहतर कारोबार की उम्मीद है।
खेतों में लौट आई रौनक : बारिश का सबसे बड़ा फायदा खेती-किसानी को मिला है। अब तक पर्याप्त बारिश नहीं होने से धान की रोपाई पिछड़ रही थी, लेकिन तीन दिन की लगातार वर्षा ने खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचा दिया है। गांवों में किसान परिवार सहित रोपाई में जुट गए हैं। महिलाओं की टोली खेतों में धान रोप रही है, जबकि पुरुष खेतों की तैयारी और पानी की व्यवस्था संभाल रहे हैं। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रही तो अधिकांश क्षेत्र में समय पर रोपाई पूरी हो जाएगी।
102 मिमी बारिश से बदला मौसम
अंबिकापुर में पिछले 24 घंटे के दौरान 102 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश से तापमान में गिरावट आई है और उमस से लोगों को राहत मिली है। हालांकि कई ग्रामीण इलाकों में पुल-पुलियों के ऊपर पानी बहने से आवागमन प्रभावित हुआ है।
घटने लगी बारिश की कमी
इस मानसून सीजन में अब तक सरगुजा जिले में सामान्य से करीब 58 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी, जिससे किसान चिंतित थे। लेकिन पिछले तीन दिनों की अच्छी बारिश ने कमी की भरपाई की उम्मीद जगा दी है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। प्रशासन ने नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur