Breaking News

खड़गवां @ थाने से चंद कदम दूर चोरी खड़गवां पुलिस की रात्रि गश्त पर उठे गंभीर सवाल

Share


मुख्य बाजार की मोबाइल दुकान में दीवार तोड़कर लाखों के मोबाइल और सामान पर हाथ साफ,व्यापारियों में दहशत,सुरक्षा व्यवस्था पर उठे प्रश्न
राजेन्द्र शर्मा
खड़गवां 22 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।
खड़गवां मुख्यालय के बस स्टैंड स्थित मुख्य बाजार में एक मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जिस दुकान में चोरी हुई, वह पुलिस थाने से महज कुछ ही दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद चोर पूरी योजना के साथ दुकान की दीवार तोड़कर अंदर घुसे, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी, घटना ने न केवल व्यापारियों में भय का माहौल पैदा कर दिया है, बल्कि यह भी सवाल खड़ा कर दिया है कि यदि थाने के नजदीक स्थित मुख्य बाजार ही सुरक्षित नहीं है तो दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी होगी।
फिल्मी अंदाज में दीवार तोड़कर दिया वारदात को अंजाम– जानकारी के अनुसार चोरों ने दुकान के मुख्य शटर या ताले को तोड़ने के बजाय दीवार में सेंध लगाकर दुकान के भीतर प्रवेश किया, इसके बाद दुकान में रखे मोबाइल फोन और अन्य मूल्यवान सामान लेकर आराम से फरार हो गए, वारदात के तरीके से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने पहले से रेकी कर पूरी योजना के साथ घटना को अंजाम दिया, सुबह जब दुकान संचालक प्रतिष्ठान खोलने पहुंचे तो दुकान की दीवार टूटी हुई मिली और अंदर रखा सामान गायब था, इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
थाने के पास ही हुई चोरी, गश्त पर उठे सवाल- इस चोरी की सबसे बड़ी चिंता का विषय यह है कि वारदात थाना क्षेत्र के सबसे संवेदनशील और व्यस्त इलाके में हुई, बस स्टैंड और मुख्य बाजार में दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है तथा पुलिस की नियमित गश्त का भी दावा किया जाता है, ऐसे में व्यापारियों का कहना है कि यदि चोर इतनी आसानी से थाने के नजदीक स्थित दुकान में सेंधमारी कर सकते हैं तो रात्रि गश्त की प्रभावशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
व्यापारियों में बढ़ी असुरक्षा की भावना– घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है, उनका कहना है कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापार करना कठिन होता जा रहा है, व्यापारियों का कहना है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में लाखों रुपये का सामान रखते हैं, यदि मुख्य बाजार ही सुरक्षित नहीं रहेगा तो व्यापारियों का भरोसा कमजोर होगा, उनका यह भी कहना है कि पुलिस को केवल घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय अपराध रोकने की दिशा में प्रभावी रणनीति अपनानी चाहिए।
रात्रि गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने की मांग- व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मुख्य बाजार और बस स्टैंड क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, संवेदनशील स्थानों पर नियमित पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए, बाजार क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की गंभीरता से जांच की जाए, चोरी की घटना में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाए, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस सुरक्षा व्यवस्था बनाई जाए।
मुख्यालय सुरक्षित नहीं तो ग्रामीण क्षेत्रों का क्या?- स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पुलिस थाने के समीप स्थित सबसे व्यस्त बाजार में चोरी हो सकती है तो दूर-दराज के गांवों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ जाती है, ग्रामीण क्षेत्रों में पहले से सीमित पुलिस उपस्थिति रहती है, ऐसे में मुख्यालय की यह घटना सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।
पुलिस के सामने चुनौती- अब खड़गवां पुलिस के सामने दोहरी चुनौती है, पहली, इस चोरी का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करना और चोरी गए सामान की बरामदगी करना, दूसरी, रात्रिकालीन गश्त और निगरानी व्यवस्था को इस प्रकार मजबूत करना कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, फिलहाल व्यापारियों और आम नागरिकों की नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस इस मामले का खुलासा कितनी जल्दी करती है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्या ठोस कदम उठाती है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@जमीन दिलाने का झांसा देकर 2 लाख 61 हजार रुपए की ठगी

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,23 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। अपना घर बनाने का सपना देख रहे एक राजमिस्त्री को …

Leave a Reply