,जांच शुरू
लाखों रुपये की अनियमितता उजागर होने की संभावना
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,22 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। कोयला चोरी और कथित अवैध वसूली की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच मंगलवार को एसईसीएल की विजिलेंस टीम ने खदान परिसर में छापामार कार्रवाई की। बिलासपुर से पहुंची टीम ने एसईसीएल अमेरा कोल खदान में छापा मार कर विभिन्न दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से अमेरा कोल माइंस में कोयला परिवहन, पार्किंग शुल्क और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों में कोयला चोरी, रिकॉर्ड में गड़बड़ी तथा वाहनों से अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। इन शिकायतों के आधार पर एसईसीएल मुख्यालय स्तर पर मामले को गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस जांच के निर्देश दिए गए। विजिलेंस टीम के खदान पहुंचते ही अधिकारियों और कर्मचारियों में हडकंप की स्थिति बन गई। टीम द्वारा विभिन्न अभिलेखों, परिवहन रजिस्टर, डिस्पैच रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में कुछ अनियमितताओं की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी गड़बड़ी की पुष्टि नहीं की गई है। सूत्रों का दावा है कि जांच में लाखों रुपये की अनियमितता का खुलासा हो सकता है। टीम खदान संचालन, कोयला परिवहन और भुगतान संबंधी रिकॉर्ड का मिलान कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। इधर,एसईसीएल प्रबंधन ने विजिलेंस की कार्रवाई को लेकर अलग पक्ष रखा है। प्रबंधन का कहना है कि खदान में ऑनलाइन सिस्टम में तकनीकी खराबी आने के कारण विजिलेंस टीम पहुंची है और सिस्टम से संबंधित दस्तावेजों एवं प्रक्रियाओं की समीक्षा की जा रही है। प्रबंधन ने कोयला चोरी और अवैध वसूली के आरोपों पर फिलहाल कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की है। गौरतलब है कि अमेरा कोल माइंस में पिछले कुछ समय से अव्यवस्था, बदहाल सडक, कोयला परिवहन में बाधा और कथित अवैध वसूली को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में विजिलेंस की यह कार्रवाई कई महत्वपूर्ण तथ्यों को सामने ला सकती है।
अब सभी की नजर विजिलेंस जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे यह स्पष्ट होगा कि शिकायतों में कितनी सच्चाई है और यदि अनियमितताएं पाई जाती हैं तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur