गांझाडांड में लावारिस हालत में मिला था बच्चा,रघुनाथपुर चौकी से आरपीएफ को सौंपा गया,दूसरे मामले में घर में छिपा मिला नाबालिग
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। रेलवे स्टेशन अंबिकापुर से लापता हुए एक नाबालिग बालक को सरगुजा पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया। बालक गांझाडांड गांव में लावारिस हालत में मिला था, जहां ग्रामीणों की सतर्कता और मानवीय पहल से उसे सुरक्षित रखकर पुलिस तक पहुंचाया गया। वहीं एक अन्य मामले में घर से लापता बताए गए नाबालिग को पुलिस ने कुछ ही समय में उसके घर से बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार 15 जुलाई को एक व्यक्ति ने थाना गांधीनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि रेलवे स्टेशन अंबिकापुर से उसके नाबालिग पुत्र को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। शिकायत पर शून्य (जीरो) एफआईआर दर्ज कर मामले की जानकारी संबंधित एजेंसी को भेजी गई और नाबालिग की तलाश शुरू की गई।
ग्रामीणों ने निभाई जिम्मेदारी : इसी दौरान गांझाडांड गांव के कुछ ग्रामीणों को एक नाबालिग बालक लावारिस हालत में मिला। उन्होंने पहले आसपास परिजनों की तलाश की,लेकिन जानकारी नहीं मिलने पर बच्चे को सुरक्षित अपने पास रखा और बाद में रघुनाथपुर चौकी पहुंचाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पहचान कराने पर पुष्टि हुई कि यही रेलवे स्टेशन अंबिकापुर से लापता हुआ नाबालिग है। इसके बाद पुलिस ने बच्चे को आरपीएफ अंबिकापुर के हवाले कर दिया।
पढ़ाई से बचने के लिए घर में छिप गया था दूसरा बालक : एक अन्य मामले में एमजी रोड निवासी व्यक्ति ने अपने नाबालिग पुत्र के घर से गायब होने की सूचना थाना गांधीनगर में दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की और बालक को उसके ही घर से बरामद कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह पढ़ाई से बचने के लिए घर में ही छिपा हुआ था। बाद में उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने कहा कि गुमशुदा नाबालिगों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जा रही है और आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी लावारिस या संदिग्ध परिस्थिति में मिले बच्चे की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur