Breaking News

अम्बिकापुर@रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद भी अटकी अंबिकापुर-दिल्ली ट्रेन…एक माह से तारीख का इंतजार

Share


द्वि-साप्ताहिक संचालन को 19 जून को मिली थी स्वीकृति,अब तक शेड्यूल घोषित नहीं; यात्रियों में बढ़ी नाराजगी…


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। अंबिकापुर से दिल्ली के बीच चलने वाली बहुप्रतीक्षित एक्सप्रेस ट्रेन को द्वि-साप्ताहिक किए जाने की रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के एक माह बाद भी संचालन की तारीख घोषित नहीं होने से सरगुजा संभाग के यात्रियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उत्तर छत्तीसगढ़ के लाखों लोगों को अब भी अतिरिक्त फेरे शुरू होने का इंतजार है। रेलवे बोर्ड ने 19 जून 2026 को ट्रेन संख्या 22407/22408 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस को साप्ताहिक से बढ़ाकर द्वि-साप्ताहिक संचालित करने की स्वीकृति दी थी। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार ट्रेन संख्या 22407 अंबिकापुर से प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार, जबकि 22408 हजरत निजामुद्दीन से प्रत्येक रविवार और मंगलवार को चलनी है। हालांकि स्वीकृति के बाद भी अब तक संचालन की तिथि तय नहीं की गई है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर की क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य मुकेश तिवारी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि बोर्ड की मंजूरी के बावजूद संचालन में हो रही देरी यात्रियों की उम्मीदों के विपरीत है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर जल्द से जल्द नई तिथि घोषित की जानी चाहिए।
विद्यार्थियों, मरीजों और व्यापारियों
को सबसे ज्यादा परेशानी

दूसरा फेरा शुरू नहीं होने से सरगुजा संभाग,उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को हर सप्ताह सीटों की कमी और लंबी वेटिंग का सामना करना पड़ रहा है। इसका सबसे अधिक असर दिल्ली आने-जाने वाले विद्यार्थियों,इलाज के लिए यात्रा करने वाले मरीजों, व्यापारियों और सरकारी कर्मचारियों पर पड़ रहा है।
यात्रियों की मांग…अब और इंतजार नहीं…
क्षेत्रीय नागरिकों और रेल यात्रियों ने रेल मंत्रालय से मांग की है कि रेलवे बोर्ड की स्वीकृति को जल्द अमल में लाते हुए द्वि-साप्ताहिक सेवा की संचालन तिथि तत्काल घोषित की जाए,ताकि लंबे समय से लंबित इस सुविधा का लाभ लोगों को मिल सके।


Share

Check Also

बैकुंठपुर@भाजपा जिला कोरिया की संगठनात्मक बैठक सम्पन्न, बूथ से शक्ति केंद्र तक संगठन मजबूत करने पर जोर

Share मंडलवार समीक्षा,आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार,बैठकों में उपस्थिति को लेकर भी जारी हुए निर्देश …

Leave a Reply