Breaking News

कोरिया/सोनहत@ सलगंवां कला में बिजली संकट पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा,पूरी रात और दिनभर गुल रही बिजली

Share

सरपंच के नेतृत्व में ग्रामीण पहुंचे पावर हाउस,अघोषित कटौती पर जताया विरोध
कोरिया/सोनहत,20 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।
ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था और अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ आखिरकार ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया, ग्राम पंचायत सलगंवां कला के सरपंच के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण स्थानीय पावर हाउस पहुंचे और बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछली रात से पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है,रातभर अंधेरे में रहने के बाद भी दिनभर बिजली बहाल नहीं होने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया, लोगों को पेयजल, घरेलू कार्यों, मोबाइल चार्जिंग और बच्चों की पढ़ाई जैसी मूलभूत समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
रोज-रोज की कटौती से बढ़ रहा आक्रोश- ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या केवल एक दिन की नहीं है, पिछले काफी समय से क्षेत्र में बार-बार और कई-कई घंटों तक बिजली गुल रहने की समस्या बनी हुई है, अघोषित कटौती के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है और ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है, ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की ओर से न तो समय पर कोई सूचना दी जाती है और न ही समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल दिखाई देती है।
बच्चों की पढ़ाई और पेयजल व्यवस्था पर असर- बिजली नहीं रहने से सबसे अधिक परेशानी विद्यार्थियों और ग्रामीण परिवारों को उठानी पड़ रही है,रात भर अंधेरा रहने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई, वहीं मोटर पंप नहीं चल पाने से कई घरों में पेयजल की समस्या भी उत्पन्न हो गई। गर्मी और उमस के बीच बिजली गुल रहने से लोगों को रात जागकर बितानी पड़ी।
जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर उठे सवाल- ग्रामीणों ने इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों पर भी नाराजगी जताई, उनका कहना था कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाले जनप्रतिनिधि अब बिजली जैसी बुनियादी समस्या पर चुप्पी साधे हुए हैं,ग्रामीणों के अनुसार, अब तक किसी भी जिम्मेदार जनप्रतिनिधि ने मौके पर पहुंचकर समस्या जानने या विभाग से समाधान कराने की पहल नहीं की है,जिससे लोगों में निराशा बढ़ी है।
बिजली विभाग से तत्काल समाधान की मांग-पावर हाउस पहुंचकर सरपंच और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की कि क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल की जाए और बार-बार होने वाली अघोषित कटौती का स्थायी समाधान निकाला जाए,उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार खराब बिजली व्यवस्था के कारण लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है और यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी- ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और अघोषित कटौती पर रोक नहीं लगी,तो वे व्यापक जन आंदोलन करने को मजबूर होंगे,उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी, ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि बिजली विभाग इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाए,ताकि क्षेत्र के लोगों को नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके।


Share

Check Also

कोरिया/बैकुंठपुर@ पहले सौदा, फिर रोक! 75 साल पुरानी वन भूमि पर प्रशासन की देर से जागी नींद…अब कई सवालों के जवाब बाकी…

Share खोजी खबर का असर? 75 साल पुरानी वन भूमि के क्रय-विक्रय पर लगी रोक,अब …

Leave a Reply