भाजपा नेताओं से जुड़े कथित भ्रष्टाचार,मारपीट और जमीन धोखाधड़ी मामलों में कार्रवाई की जानकारी मांगी,संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। भाजपा नेताओं एवं उनके समर्थकों से जुड़े कथित भ्रष्टाचार,मारपीट और जमीन धोखाधड़ी के मामलों में कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व में सौंपे गए ज्ञापनों पर हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी। कांग्रेस का आरोप है कि पिछले माह कलाकेंद्र मैदान के आबंटन में कथित रिश्वतखोरी से जुड़ा एक मोबाइल ऑडियो वायरल हुआ था,जिसमें लेनदेन की बातचीत होने का दावा किया गया। इसके अलावा सीतापुर में विधायक द्वारा राजस्व अधिकारी से कथित मारपीट तथा भिट्ठीकला में एक विधवा महिला के साथ जमीन खरीद में कथित धोखाधड़ी जैसे मामलों में भी भाजपा से जुड़े लोगों के नाम सामने आए हैं। कांग्रेस का कहना है कि इन मामलों में महीनों बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि इन मामलों को लेकर थाने से लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक कई बार ज्ञापन सौंपे गए। 6 जुलाई को न्याय रैली निकालकर आईजी को साक्ष्यों सहित लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन दो सप्ताह बाद भी ठोस कार्रवाई की जानकारी नहीं मिलने पर प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को पुनः मुलाकात की। कांग्रेस के अनुसार, आईजी दीपक झा ने प्रतिनिधिमंडल को अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि इन मामलों में जल्द परिणाम सामने आएंगे और दोबारा इस मांग को लेकर आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि यदि कार्रवाई संतोषजनक नहीं हुई तो कांग्रेस भाजपा के मंत्री, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान काला झंडा दिखाकर विरोध दर्ज कराएगी। प्रतिनिधिमंडल में निगम के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत सिन्हा,संजय विश्वकर्मा, विनीत विशाल जायसवाल,पापिंदर सिंह तथा शुभम जायसवाल शामिल रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur