एमसीबी,19 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। जिले के विकासखंड खड़गवाँ अंतर्गत ग्राम पंचायत पैनारी में 1962 मोबाइल वेटरनरी यूनिट (एमवीयू) खड़गवाँ-01 की टीम ने समय रहते शल्य चिकित्सा कर एक बैल की जान बचा ली। बैल के सींग में गंभीर सूजन और लगातार रक्तस्राव की समस्या थी, जिसमें जांच के दौरान कैंसर की प्रबल आशंका सामने आई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम भ्रमण के दौरान पशुपालक कुमार सिंह ने एमवीयू टीम को बताया कि उनके बैल के एक सींग में सूजन के साथ लगातार खून बह रहा है और उसकी स्थिति दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। सूचना मिलते ही 1962 एमवीयू खड़गवाँ-01 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
डॉ. विनोद सिंह एवं परावेट पंकज सेन ने बैल का विस्तृत परीक्षण किया। जांच में प्रभावित सींग में कैंसर की प्रबल आशंका मिलने पर पशु के हित में तत्काल हॉर्न एम्प्यूटेशन (Horn Amputation) शल्य चिकित्सा कर कैंसर-संदिग्ध सींग को सफलतापूर्वक हटा दिया गया।
ऑपरेशन के बाद बैल को एंटीबायोटिक, दर्द निवारक (एनाल्जेसिक) और मल्टीविटामिन इंजेक्शन दिए गए। साथ ही पशुपालक को घाव की नियमित ड्रेसिंग, साफ-सफाई, दवाइयों का समय पर उपयोग तथा पशु की उचित देखभाल एवं आवश्यक सावधानियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इस सफल शल्य चिकित्सा में ड्राइवर कम अटेंडेंट रामकिशन का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। 1962 एमवीयू खड़गवाँ-01 की इस त्वरित कार्रवाई की पशुपालक एवं ग्रामीणों ने सराहना की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur