राजपुर/बलरामपुर,17 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नरसिंहपुर स्थित डोंगाधार में जमीन विवाद के दौरान पहाड़ी कोरवा परिवार के साथ मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज करने के मामले में पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि ग्राम नरसिंहपुर निवासी 20 वर्षीय सूरज पहाड़ी कोरवा, पिता बालगोविंद पहाड़ी कोरवा ने 2 जुलाई 2026 को थाना राजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह अपने पिता बालगोविंद, मां राधामुनी, पत्नी शीलावती और छोटे भाई सुशील के साथ अपने पट्टे की कृषि भूमि में ट्रैक्टर से जुताई कर मक्का की बुवाई कर रहा था।
इसी दौरान गांव का रामसूरत यादव वहां पहुंचा और कुछ देर बाद सतेन्द्र यादव, नरेश यादव उर्फ लल्लू सहित अन्य लोगों के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत में आ गया। आरोप है कि नरेश यादव ने उसी खेत में जबरन ट्रैक्टर चलाकर जुताई शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने जातिसूचक गालियां दीं और मक्का बीज की बोरी फेंक दी।
शिकायत के अनुसार, जब सूरज के माता-पिता ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी, टांगी, कोड़ी और डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सूरज पहाड़ी कोरवा पर भी टांगी से हमला किया गया। इसके बाद अन्य आरोपी भी मौके पर पहुंच गए और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट कर फरार हो गए।
मामले की जांच के बाद राजपुर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2), 115(2), 191(2), 191(3), 118(2) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(द) एवं 3(1)(ध) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
जेल भेजे गए आरोपी
रामसूरत यादव (54), पिता विश्वनाथ यादव,
नरेश यादव उर्फ लल्लू (25), पिता रामसूरत यादव,
सतेन्द्र यादव (29), पिता रामसूरत यादव
उमेश यादव (29), पिता रामबकस यादव
रामबकस यादव (50), पिता कल्दु यादव
उदेश यादव (20), पिता रामबकस यादव
रामकेवल यादव (50), पिता कल्दु यादव
प्रदीप यादव (23), पिता रामकेवल यादव
सभी आरोपी ग्राम नरसिंहपुर, थाना राजपुर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में वैधानिक कार्रवाई पूरी कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur