खलीबा स्कूल में शाला प्रवेश उत्सव,‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया गया पौधरोपण
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। विकासखंड अंबिकापुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खलीबा में शुक्रवार को शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक-चंदन लगाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया एवं विशिष्ट अतिथि जनपद पंचायत अंबिकापुर के सभापति विजय व्यापारी थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्य मीना पुरोहित ने की। इस अवसर पर सरपंच शांति बाई, रामनाथ भगत,बहुरन राय, शामिल राम, महेश्वर यादव,विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई। शासन की सरस्वती साइकिल योजना के तहत पात्र छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। वहीं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और संस्कार अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। उन्होंने प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोडऩे की आवश्यकता पर बल दिया तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य मीना पुरोहित ने सभी अतिथियों,जनप्रतिनिधियों,ग्रामवासियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur