परिजनों ने कलेक्टर से लगाई गुहार,तलाश में डेढ़ लाख खर्च,पत्नी ने जमीन तक गिरवी रखी

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ शासन की सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा में शामिल सरगुजा जिले के एक श्रद्धालु का 20 दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। परिजनों ने शुक्रवार को कलेक्टर से मुलाकात कर प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए श्रद्धालु की जल्द तलाश कराने की गुहार लगाई। उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पलका निवासी पूरन राम पोर्ते (48) 22 जून को 87 श्रद्धालुओं के साथ सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा पर गए थे। 26 जून को वापसी के दौरान महाराष्ट्र के जलगांव रेलवे स्टेशन पर शाम करीब 7.15 बजे वे ट्रेन से उतर गए। इसके बाद वे वापस ट्रेन में नहीं चढ़े और तभी से लापता हैं। साथियों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। बाद में इसकी सूचना परिजनों को दी गई। भुसावल रेलवे पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की है। परिजन पहले पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल से मिले थे। इसके बाद शुक्रवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले में अन्य राज्यों के प्रशासन से समन्वय कर खोजबीन तेज कराने की मांग की।
तलाश में बिक गई जमा-पूंजी,जमीन भी रखनी पड़ी गिरवी : लापता श्रद्धालु की पत्नी गंगामती पोर्ते ने बताया कि पति की तलाश में परिवार अब तक करीब डेढ़ लाख रुपए खर्च कर चुका है। आर्थिक तंगी के कारण उन्हें 65 हजार रुपए के लिए अपनी जमीन गिरवी रखनी पड़ी। इसके बावजूद अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। परिवार ने शासन-प्रशासन से मानवीय आधार पर शीघ्र खोजबीन कर पूरन राम पोर्ते का पता लगाने की मांग की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur