
कोतवाली पुलिस ने न्यायालय परिसर,कलाकेंद्र,भट्टी रोड और प्रमुख चौक-चौराहों पर चलाया विशेष अभियान,संदिग्धों की सूचना देने की अपील
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से मुसाफिर एवं किरायदार सत्यापन अभियान तेज कर दिया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाकर किरायदारों, बाहरी व्यक्तियों तथा अस्थायी रूप से कार्य कर रहे लोगों का सत्यापन किया। अभियान के दौरान पुलिस टीम न्यायालय परिसर,कलाकेंद्र परिसर के आसपास, भट्टी रोड तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर पहुंची। यहां फल ठेला संचालकों, चाय-नाश्ता ठेलों,छोटे गुमटी संचालकों और उनमें कार्यरत कर्मचारियों से पूछताछ कर उनकी पहचान और निवास संबंधी जानकारी का सत्यापन किया गया। इसके साथ ही पुलिस ने किराये के मकानों में रहने वाले लोगों के पहचान पत्रों की जांच की तथा मकान मालिकों और आसपास के रहवासियों को समझाइश दी कि यदि उनके क्षेत्र में कोई बाहरी व्यक्ति आकर रहता है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित थाना या पुलिस को दें। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिना सत्यापन के क्षेत्र में रह रहे अथवा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जिले के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की जांच की जाएगी।
पुलिस की आम नागरिकों से अपील
सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति,अवैध रूप से रह रहा मुसाफिर या छिपकर रहने वाला व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल सरगुजा पुलिस हेल्पलाइन 9479193599 अथवा डायल 112 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा सूचना के आधार पर त्वरित सत्यापन एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur