–संवाददाता-
अम्बिकापुर,13 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शासकीय सुकर फार्म सकलो (अंबिकापुर) में अफ्रीकन स्वाइन फीवर (एएसएफ) वैक्सीन का ट्रायल मार्च से जारी है। यह भारत में इस वैक्सीन का पहला परीक्षण है,जिसे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज (एनआईएचएसएडी),भोपाल के वैज्ञानिकों ने विकसित किया है। फार्म प्रबंधक डॉ. अजय अग्रवाल ने बताया कि ट्रायल वैज्ञानिक मानकों के अनुसार किया जा रहा है। 8 जुलाई को एनआईएचएसएडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राजू कुमार ने सकलो पहुंचकर ट्रायल की प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान ब्लड, सीरम और नेजल सैंपल भी एकत्र किए गए। विशेषज्ञों के अनुसार अफ्रीकन स्वाइन फीवर सूकरों में होने वाला अत्यंत घातक वायरल रोग है। यह घरेलू और जंगली दोनों प्रकार के सूकरों को प्रभावित करता है तथा इसकी मृत्यु दर काफी अधिक होती है। फिलहाल इस बीमारी का कोई प्रभावी उपचार उपलब्ध नहीं है और केवल लक्षणों के आधार पर सहायक उपचार ही दिया जाता है। वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीके मिश्रा ने बताया कि ट्रायल जैव-सुरक्षा (बायो सिक्योरिटी) के सभी मानकों का पालन करते हुए संचालित किया जा रहा है। यदि यह परीक्षण सफल रहता है तो भविष्य में यह वैक्सीन भारत सहित अन्य देशों के सूकर पालकों के लिए लाभदायक साबित हो सकती है ।
और अफ्रीकन स्वाइन फीवर से होने वाले आर्थिक नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur