Breaking News

अम्बिकापुर@किरायेदारों के सत्यापन की मांग के बाद पुलिस का दूसरा बड़ा अभियान

Share

  • पार्षद आलोक दुबे के ज्ञापन के बाद लगातार कार्रवाई अब 350 मकानों में 750 लोगों का भौतिक सत्यापन
  • पहले 125 स्थानों पर 450 लोगों की हुई थी जांच,अब शहर और ग्रामीण क्षेत्रों तक अभियान का विस्तार


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। बाहरी राज्यों से आए किरायेदारों के व्यापक सत्यापन की मांग उठने के बाद सरगुजा पुलिस लगातार अभियान चला रही है। नगर निगम के वरिष्ठ पार्षद आलोक दुबे द्वारा सरगुजा रेंज के आईजी को ज्ञापन सौंपकर किरायेदारों के सत्यापन और मकान मालिकों की जवाबदेही तय करने की मांग किए जाने के बाद पुलिस ने दूसरी बार बड़े स्तर पर सघन जांच अभियान चलाया। इस बार जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 350 मकानों में रह रहे करीब 750 लोगों का भौतिक सत्यापन किया गया। इससे पहले भी पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 125 मकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में 450 लोगों के दस्तावेजों की जांच की थी।
पार्षद आलोक दुबे ने अपने ज्ञापन में कहा था कि अंबिकापुर के गांधीनगर, कोतवाली और मणिपुर थाना क्षेत्रों सहित कई मोहल्लों में बाहरी राज्यों से आए लोग बिना समुचित पुलिस सत्यापन के किराये के मकानों में रह रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई थी कि यदि समय रहते उनकी पहचान और पृष्ठभूमि की जांच नहीं हुई तो भविष्य में कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने प्रत्येक किरायेदार का पुलिस सत्यापन अनिवार्य करने और ऐसा नहीं करने वाले मकान मालिकों की जवाबदेही तय करने की मांग की थी।
लगातार दूसरे चरण में चला अभियान : डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में सभी थाना और चौकी प्रभारियों को बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों और मुसाफिरों के सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में जिलेभर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने गांधीनगर थाना क्षेत्र के सुभाषनगर,भगवानपुर और फूंदुरडिहारी, कोतवाली थाना क्षेत्र के नवागढ़ और सत्तीपारा,तथा मणिपुर थाना क्षेत्र के बंजारी,लक्ष्मीपुर और मठपारा सहित उन बस्तियों में विशेष जांच की,जहां बाहरी राज्यों से आए लोगों की संख्या अधिक है। अभियान के दौरान किरायेदारों और मुसाफिरों से पूछताछ की गई तथा उनके पहचान पत्रों का भौतिक सत्यापन किया गया।
मकान मालिकों को सख्त निर्देश
पुलिस ने मकान मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना सत्यापन किसी भी व्यक्ति को किराये पर मकान न दें। किरायेदार का पहचान पत्र, मोबाइल नंबर, स्थायी पता और अन्य आवश्यक जानकारी संबंधित थाना या चौकी में उपलब्ध कराना अनिवार्य बताया गया है। बिना सत्यापन क्षेत्र में रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई और आवश्यकता पड़ने पर निर्वासन की कार्रवाई भी की जाएगी।
दो चरणों में 1,200 लोगों का सत्यापन
पुलिस के अनुसार अब तक चलाए गए दो प्रमुख अभियानों में कुल 475 मकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की जा चुकी है। पहले अभियान में 125 स्थानों पर 450 लोगों, जबकि दूसरे अभियान में 350 मकानों में 750 लोगों का सत्यापन किया गया। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@डायल-112 के प्रभावी संचालन हेतु 107 पुलिसकर्मियों को मिला विशेष प्रशिक्षण

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,12 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। डायल-112 (फेज-2 नेक्स्ट जेनरेशन) सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने …

Leave a Reply