घर में फंदे पर मिला शव, पति पर प्रताड़ना का आरोप,पोस्टमार्टम रिपोर्ट के इंतजार में पुलिस,सभी पहलुओं की जांच जारी
-संवाददाता-
लखनपुर,12 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। कुन्नी चौकी क्षेत्र के ग्राम कोटबर्रा में प्रेम विवाह के सात वर्ष बाद एक दिव्यांग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शनिवार दोपहर महिला का शव घर के भीतर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष मौके पर पहुंचा और हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सकरिया निवासी 35 वर्षीय पावरो पैंकरा, जो पैर से दिव्यांग थीं, ने करीब सात वर्ष पहले कोटबर्रा निवासी अमरूद मझवार से प्रेम विवाह किया था। दंपती के तीन बच्चे हैं। मृतका के परिजनों का आरोप है कि पति शराब के नशे में अक्सर विवाद करता था और महिला के साथ मारपीट व प्रताड़ना करता था। बताया गया कि शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पति ने मृतका के मायके में फोन कर बताया कि पावरो ने फांसी लगा ली है। जब परिजन कोटबर्रा पहुंचे तो महिला का शव फंदे से नीचे उतारा जा चुका था। परिजनों के अनुसार पति और ससुर ने शव को फंदे से उतारा था। इसी बात को लेकर मायके पक्ष ने घटना पर संदेह व्यक्त करते हुए हत्या की आशंका जताई। घटना की सूचना पर रविवार सुबह एसडीओपी तुल सिंह पट्टावी एवं कुन्नी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए लखनपुर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। कुन्नी चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक बलभद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है,लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी। उन्होंने कहा कि मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों को भी जांच में शामिल किया गया है और पुलिस सभी पहलुओं पर निष्पक्ष जांच कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur