Breaking News

अम्बिकापुर@ सुदूर आदिवासी गांव बुले खासपारा में शाला प्रवेश उत्सव,सात नवप्रवेशी बच्चों का हुआ स्वागत

Share

मझवार समुदाय के बच्चों को तिलक लगाकर दी पाठ्य सामग्री, डीईओ ने कहा…शिक्षा ही बेहतर भविष्य की मजबूत नींव
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।
सुदूर आदिवासी क्षेत्र के बुले खासपारा स्थित प्राथमिक विद्यालय में शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मझवार समुदाय के सात नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें पाठ्यपुस्तकें, कॉपी, पेन एवं बेल्ट वितरित कर शिक्षा के नए सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा ने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। शासन का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि सरकार निःशुल्क शिक्षा,पाठ्यपुस्तकें, छात्रावास,छात्रवृत्ति,साइकिल सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है,ताकि दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों के बच्चे भी डॉक्टर,इंजीनियर,प्रशासनिक अधिकारी और अन्य क्षेत्रों में अपनी पहचान बना सकें।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी मृत्युंजय पांडे ने पालकों से अपील की कि खेती-किसानी के व्यस्त समय में भी बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न होने दें और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजें। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा में निरंतरता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। ग्राम सरपंच उर्मिला ने कहा कि पहले गांवों में शिक्षा की पर्याप्त सुविधाएं नहीं थीं, लेकिन अब सरकार गांव-गांव तक स्कूल, पुस्तकें, गणवेश और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने पालकों से इन सुविधाओं का लाभ उठाकर बच्चों को शिक्षित बनाने का आग्रह किया। सरपंच प्रतिनिधि सोमारू राम ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की कुंजी है, इसलिए प्रत्येक बच्चे का विद्यालय से जुड़ना आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय का निरीक्षण भी किया। उन्होंने विद्यालय की साफ-सफाई, अनुशासन एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए प्रधानपाठक अनूप रंजन सोनी के कार्यों को अनुकरणीय बताया। कार्यक्रम में बीईओ मृत्युंजय पांडे, बीपीओ सम्पूरन राय, पंच रंगमती, मितानिन बिरहुलिया, स्वीपर मानसाय, सहायिका बंधानो बाई सहित बड़ी संख्या में पालक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नारायण प्रसाद साहू ने किया, जबकि अंत में प्रधानपाठक अनूप रंजन सोनी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@डायल-112 के प्रभावी संचालन हेतु 107 पुलिसकर्मियों को मिला विशेष प्रशिक्षण

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,12 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। डायल-112 (फेज-2 नेक्स्ट जेनरेशन) सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने …

Leave a Reply