Breaking News

बैकुंठपुर/कोरिया@ नौगई तिहरे हत्याकांड में बड़ा अपडेट

Share

बैकुंठपुर पहुंच सकती है सीबीआई की टीम,नए सिरे से होगी पूरे मामले की जांच : सूत्र
पीडि़त परिवार की सीबीआई जांच की मांग को मिल सकती है मंजूरी,पुलिस की शुरुआती जांच भी आ सकती है जांच के दायरे में…
रवि सिंह
बैकुंठपुर/कोरिया,12 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।
कोरिया जिले के बहुचर्चित नौगई तिहरे हत्याकांड मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आने की संभावना है,विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम जल्द ही बैकुंठपुर पहुंच सकती है,यदि ऐसा होता है तो इस जघन्य हत्याकांड की जांच नए सिरे से शुरू होगी और अब तक की पुलिस विवेचना सहित पूरे घटनाक्रम की गहन पड़ताल की जाएगी। गौरतलब है कि 16 और 17 जून की दरम्यानी रात सोनहत थाना क्षेत्र के ग्राम नौगई में हुए तिहरे हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था, आरोप है कि एक ही परिवार के कई लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से दूसरे परिवार पर उस समय हमला कर दिया,जब पीडि़त पक्ष तीन वाहनों से समझौते की नीयत से आरोपितों के घर पहुंचा था,पीडि़त पक्ष का आरोप है कि विवाद रेत कारोबार और कथित रंगदारी की मांग से जुड़ा था,उनका कहना है कि आरोपित बिना रॉयल्टी के रेत कारोबार करने की अनुमति चाहते थे और इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया,हमले के दौरान लाठी-डंडों और अन्य घातक हथियारों से हमला करने के साथ-साथ पीडि़तों को जिंदा जलाने का प्रयास भी किया गया,इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए।
स्थानीय पुलिस की जांच पर शुरू से उठते रहे सवाल
घटना के बाद पीडि़त परिवार ने स्थानीय पुलिस की जांच पर भरोसा न जताते हुए सीबीआई जांच की मांग की थी। परिवार का आरोप था कि घटना की प्रारंभिक विवेचना और अधिकारियों के सार्वजनिक बयानों से उन्हें निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं रही,पीडि़त पक्ष लगातार यह दावा करता रहा कि आग पेट्रोल डालकर लगाई गई थी,जबकि प्रारंभिक स्तर पर आग लगने के कारणों को लेकर अलग-अलग बातें सामने आई थीं।
हर पहलू की हो सकती है दोबारा जांच
सूत्रों की मानें तो यदि सीबीआई जांच शुरू होती है,तो एजेंसी घटना से जुड़े सभी पहलुओं की स्वतंत्र जांच कर सकती है,इसमें घटनास्थल के साक्ष्य,फॉरेंसिक रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान,मोबाइल कॉल डिटेल,पोस्टमार्टम रिपोर्ट,आगजनी के कारण तथा पुलिस की शुरुआती कार्रवाई और विवेचना की भी समीक्षा की जा सकती है।
पीडि़त परिवार को पहले मिला था आश्वासन
जानकारी के अनुसार,पीडि़त परिवार को पूर्व में शासन स्तर से सीबीआई जांच की मांग पर सकारात्मक संकेत भी मिले थे,अब सूत्रों के हवाले से सीबीआई टीम के बैकुंठपुर पहुंचने की चर्चा तेज होने के बाद मामले में नई उम्मीद जगी है।
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
हालांकि, सीबीआई, राज्य शासन अथवा जिला प्रशासन की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है,इसलिए फिलहाल सीबीआई टीम के आगमन और जांच शुरू होने की जानकारी सूत्रों पर आधारित है,आधिकारिक पुष्टि होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी,अब पूरे जिले की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या बहुचर्चित नौगई तिहरे हत्याकांड की जांच वास्तव में सीबीआई अपने हाथ में लेती है और क्या इससे घटना से जुड़े सभी विवादित पहलुओं पर अंतिम रूप से पर्दा उठ सकेगा।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@डायल-112 के प्रभावी संचालन हेतु 107 पुलिसकर्मियों को मिला विशेष प्रशिक्षण

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,12 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। डायल-112 (फेज-2 नेक्स्ट जेनरेशन) सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने …

Leave a Reply