Breaking News

कोरिया/बैकुंठपुर@ राजस्थान से लौटते वक्त अनूपपुर में पुलिस के हत्थे चढ़ा मुख्य आरोपी

Share

नाबालिग छात्रा आत्महत्या मामले में भेजा गया जेल
कोरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई…दो फरार आरोपियों की तलाश तेज
पीडि़त परिवार को एससी-एसटी एक्ट के तहत 4.12 लाख की पहली किश्त
-संवाददाता-
कोरिया/बैकुंठपुर,12 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।
कोरिया जिले के बहुचर्चित नाबालिग आदिवासी छात्रा आत्महत्या प्रकरण में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है,घटना के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी विनोद वैद्य को पुलिस ने राजस्थान से लौटते समय मध्यप्रदेश के अनूपपुर में गिरफ्तार कर लिया,गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोरिया लाकर न्यायालय में पेश किया गया,जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, वहीं मामले के दो अन्य नामजद आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। घटना के बाद से चल रही थी तलाश- पुलिस के अनुसार नाबालिग छात्रा की आत्महत्या के बाद दर्ज हुए प्रकरण में तीनों आरोपी फरार हो गए थे,मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने प्रत्येक आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति के लिए 5-5 हजार के इनाम की घोषणा की थी,लगातार दबिश और तकनीकी निगरानी के बीच पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी राजस्थान से लौट रहा है, इसके बाद पुलिस ने अनूपपुर में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रताड़ना के आरोप के बाद हुई थी आत्महत्या-मामला बैकुंठपुर निवासी 17 वर्षीय आदिवासी छात्रा की आत्महत्या से जुड़ा है, परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि छात्रा एक प्रतिष्ठान (आईसी मार्ट) गई थी,जहां उस पर चोरी का आरोप लगाकर कथित रूप से मानसिक रूप से प्रताडि़त किया गया, शिकायत में यह भी आरोप है कि उससे लिखवाया गया कि उसने चोरी की है, आर्थिक दबाव बनाया गया और उसकी स्कूटी भी रोक ली गई,परिजनों का आरोप है कि कथित प्रताड़ना और सार्वजनिक अपमान से आहत होकर छात्रा ने घर लौटने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली,इन आरोपों की सत्यता का निर्धारण पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगा।
गंभीर धाराओं में दर्ज है मामला…
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। घटना के बाद जिलेभर में विरोध प्रदर्शन हुए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठी।
पीडि़त परिवार को मिली आर्थिक सहायता…
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने बताया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत पीडि़त परिवार को 4.12 लाख की प्रथम किश्त आर्थिक सहायता के रूप में प्रदान की गई है। आगे की सहायता भी नियमानुसार उपलब्ध कराई जाएगी।
दो आरोपी अब भी फरार…
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में नामजद जगत वैद्य और दीपक वैद्य अभी भी फरार हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है, पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
जांच जारी, आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर…
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को मामले में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है,पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, विवेचना में सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, फिलहाल पूरे जिले की नजर शेष दो आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच के अंतिम निष्कर्ष पर टिकी हुई है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@डायल-112 के प्रभावी संचालन हेतु 107 पुलिसकर्मियों को मिला विशेष प्रशिक्षण

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,12 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। डायल-112 (फेज-2 नेक्स्ट जेनरेशन) सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने …

Leave a Reply