-संवाददाता-
पटना/कोरिया,12 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। नगर पंचायत पटना के वार्ड क्रमांक 09 में कथित रूप से नजूल भूमि पर किए जा रहे निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है, सर्व आदिवासी समाज, जिला-कोरिया ने इस मामले में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व),बैकुंठपुर को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि वार्ड क्रमांक 09 के पार्षद राजेश सोनी द्वारा बाज़ारपारा, पटना स्थित नजूल भूमि पर मकान का निर्माण कराया जा रहा है,संगठन ने मामले की तत्काल जांच कर अवैध निर्माण पर रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। सर्व आदिवासी समाज की ओर से दिए गए आवेदन में कहा गया है कि संबंधित भूमि नजूल श्रेणी की है, जिस पर निजी निर्माण कराया जाना नियमों के विपरीत है, शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस संबंध में नगर पंचायत पटना के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को फोन के माध्यम से पहले ही सूचना दी जा चुकी थी,लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य लगातार जारी है,संगठन का आरोप है कि प्रशासनिक स्तर पर समय रहते कार्रवाई नहीं किए जाने से नियमों की अनदेखी हो रही है,शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि नजूल भूमि पर निर्माण कार्य बिना वैधानिक अनुमति के हो रहा है तो इससे न केवल सरकारी भूमि पर अतिक्रमण बढ़ेगा,बल्कि भविष्य में ऐसे मामलों को बढ़ावा भी मिलेगा। इसलिए प्रशासन को निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट करना चाहिए कि संबंधित निर्माण विधिसम्मत है अथवा नहीं, सर्व आदिवासी समाज ने अपने आवेदन में एसडीएम से मांग की है कि पूरे मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए तथा जांच के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, संगठन ने यह भी कहा है कि सरकारी भूमि की सुरक्षा प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही सार्वजनिक हित के विपरीत होगी, इधर, शिकायत सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी इस मामले की चर्चा तेज हो गई है, लोगों का मानना है कि यदि सरकारी अथवा नजूल भूमि पर किसी प्रकार का निर्माण किया जा रहा है तो उसकी वैधता की जांच आवश्यक है, ताकि भविष्य में भूमि विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो, हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अथवा नगर पंचायत पटना की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, इसी प्रकार शिकायत में जिन पार्षद राजेश सोनी का उल्लेख किया गया है,उनका पक्ष भी प्राप्त नहीं हो सका है,उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। प्रशासन द्वारा शिकायत पर क्या कार्रवाई की जाती है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं, इस पर अब स्थानीय नागरिकों और शिकायतकर्ताओं की निगाहें टिकी हुई हैं।
फोटो 10
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur