नहाकर कमरे में गया था युवक,कूलर छूते ही लगा जोरदार झटका,अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शहर में करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान बिजली ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट होने के कुछ समय बाद बंद पड़े कूलर में अचानक करंट आ गया। युवक जैसे ही नहाकर कमरे में पहुंचा और कूलर को छुआ, उसे तेज करंट का झटका लगा। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे,जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को दिए बयान में मृतक के पिता नारायण मंडल ने बताया कि उनका पुत्र रोविन मंडल एसएससीएल बिजुरी में कार्यरत था और 9 जुलाई की रात घर आया था। 10 जुलाई की दोपहर करीब तीन बजे बारिश के दौरान घर के पास लगे बिजली ट्रांसफार्मर में जोरदार ब्लास्ट हुआ। कुछ देर बाद रोविन नहाकर अपने कमरे में गया और कपड़े पहनते समय बंद पड़े कूलर पर हाथ रख दिया। कूलर को छूते ही उसे तेज करंट का झटका लगा और वह जमीन पर गिर पड़ा। आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे तो देखा कि उसके नाक और कान से खून निकल रहा था तथा वह बेहोश पड़ा था। आनन-फानन में उसे मिशन अस्पताल ले जाया गया,जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि ट्रांसफार्मर ब्लास्ट होने के बाद किसी तकनीकी खराबी के कारण बंद कूलर में करंट आ गया, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसा बिजली आपूर्ति में आई गड़बड़ी के कारण हुआ या किसी अन्य तकनीकी कारण से।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur