नई तकनीक से बदलेगी जांच की तस्वीर,घटना स्थल से रियल टाइम फोटो-वीडियो और डिजिटल रिपोर्टिंग होगी मानकीकृत
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। अपराध अनुसंधान को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और नई आपराधिक न्याय प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में सरगुजा पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा ASUMP Scheme 2025-26 के तहत उपलब्ध कराए गए 102 सैमसंग स्मार्ट मोबाइल जिले के विवेचकों को वितरित किए गए। इन मोबाइलों के माध्यम से अब विवेचना प्रक्रिया अधिक वैज्ञानिक,पारदर्शी और तकनीक आधारित होगी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय अंबिकापुर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) ने जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ 102 विवेचकों को स्मार्ट मोबाइल प्रदान किए। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
ई-साक्ष्य संकलन को
मिलेगा नया आयाम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से विवेचना की गुणवत्ता और पारदर्शिता में उल्लेखनीय सुधार होगा। नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ‘ई-साक्ष्य’ का त्वरित,सुरक्षित और प्रमाणिक संकलन बेहद आवश्यक है। स्मार्ट मोबाइल मिलने से विवेचक घटनास्थल पर ही डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित तरीके से एकत्रित कर सकेंगे।
घटनास्थल से होगी रियल टाइम डिजिटल रिपोर्टिंग
इन हाईटेक मोबाइलों की सहायता से विवेचक अब घटनास्थल की उच्च गुणवत्ता वाली तस्वीरें,ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग, लोकेशन आधारित जानकारी तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से संकलन कर सकेंगे। इससे जांच प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित,मानकीकृत और न्यायालय में साक्ष्यों की विश्वसनीयता भी बढ़ेगी।
विशेष प्रशिक्षण और मॉनिटरिंग की भी होगी व्यवस्था
मोबाइल वितरण के बाद पुलिस विभाग विवेचकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगा, जिसमें उन्हें डिजिटल साक्ष्य संकलन, ई-साक्ष्य प्रबंधन तथा डेटा सुरक्षा के संबंध में प्रशिक्षित किया जाएगा। साथ ही तकनीकी सहायता और डेटा सुरक्षा मानकों के पालन के लिए प्रभावी मॉनिटरिंग सिस्टम भी लागू किया जाएगा।
स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में बड़ा कदम
सरगुजा पुलिस का मानना है कि तकनीक आधारित विवेचना से अपराधों की जांच में गति आएगी,साक्ष्यों की गुणवत्ता बेहतर होगी और न्यायिक प्रक्रिया अधिक मजबूत बनेगी। आधुनिक संसाधनों से लैस विवेचक अब अधिक दक्षता के साथ अपराध अनुसंधान कर सकेंगे,जिससे आम जनता को भी बेहतर और त्वरित न्याय मिलने में सहायता मिलेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur