-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। मैनपाट क्षेत्र में बाइकर्स गैंग की स्टंटबाजी और यातायात नियमों की लगातार अनदेखी के बाद सरगुजा पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों और यातायात शाखा की संयुक्त कार्रवाई में 158 दोपहिया वाहनों को जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, हाल ही में कमलेश्वरपुर क्षेत्र से बाइकर्स गैंग का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें युवक सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक स्टंट करते और यातायात नियमों का उल्लंघन करते दिखाई दिए थे। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना कमलेश्वरपुर, दरिमा, मणिपुर, कोतवाली अंबिकापुर तथा यातायात शाखा को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान यातायात शाखा ने 50,थाना कमलेश्वरपुर ने 55,थाना दरिमा ने 40, थाना कोतवाली ने 8 तथा थाना मणिपुर ने 5 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 158 वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी एवं जब्ती की कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान नाबालिगों द्वारा वाहन चलाते पाए जाने पर उनके परिजनों को थाने बुलाकर कड़ी समझाइश दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में दोबारा ऐसा पाए जाने पर संबंधित वाहन मालिक और अभिभावकों के विरुद्ध भी नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने, स्टंटबाजी करने,तेज आवाज वाले साइलेंसर का उपयोग करने तथा आम नागरिकों और पर्यटकों को परेशान करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी बाइकर्स गैंग द्वारा सड़क जाम करने, खतरनाक स्टंट करने या तेज आवाज वाले साइलेंसर से लोगों को परेशान करने की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 9479193599 अथवा डायल 112 पर जानकारी दें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी और सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur