-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस ने जिले में बैंक और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को सभी राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों तथा एटीएम में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंक परिसरों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बैंक प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित बैंकों और एटीएम का औचक निरीक्षण किया। पुलिस टीमों ने बैंक परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरणों की कार्यप्रणाली की जांच की तथा उनकी प्रभावशीलता का परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बैंक परिसर के भीतर और बाहर बिना किसी स्पष्ट कारण के घूम रहे लोगों से पूछताछ की गई। बैंक में आने का उद्देश्य जानने के बाद आवश्यक सत्यापन भी किया गया, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों को सुरक्षा गार्डों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों पर सतत नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान बैंक ग्राहकों को भी जागरूक किया गया। पुलिस ने अपील की कि लेन-देन के समय सतर्क रहें, अपने एटीएम पिन,ओटीपी,बैंक खाता संबंधी जानकारी अथवा अन्य गोपनीय सूचनाएं किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur