चुनाव के बाद अधिवक्ताओं में उत्साह, नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर किया गया भव्य स्वागत
रामानुजगंज,10 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। जिला अधिवक्ता संघ रामानुजगंज के चुनाव में अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक मतदान कर नई कार्यकारिणी का गठन किया। चुनाव परिणाम घोषित होते ही संघ परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण और मिठाई खिलाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
चुनाव में जे.पी. गुप्ता अध्यक्ष तथा संजय बाबू गोलदार सचिव निर्वाचित हुए। इसके अलावा जितेंद्र गुप्ता वरिष्ठ उपाध्यक्ष, मनीता शर्मा महिला उपाध्यक्ष, रश्मि गुप्ता सहसचिव और छोटेलाल कुशवाहा कोषाध्यक्ष चुने गए।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष जे.पी. गुप्ता ने अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संघ की एकता, गरिमा और अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी साथियों के सहयोग से संघ को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाया जाएगा। वहीं, नव निर्वाचित सचिव संजय बाबू गोलदार ने कहा कि वे पारदर्शिता, समन्वय और सक्रिय कार्यशैली के साथ संघ का संचालन करेंगे तथा अधिवक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। इस अवसर पर उपस्थित अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित टीम को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी अधिवक्ताओं के अधिकारों की रक्षा, पेशेवर हितों के संरक्षण और संघ के सर्वांगीण विकास के लिए प्रभावी भूमिका निभाएगी। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद पूरे संघ परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा और अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी साझा की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur