उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
-संवाददाता-
बलरामपुर,10 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शुक्रवार को रक्षित आरक्षी केंद्र बलरामपुर के परेड ग्राउंड में पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर (भा.पु.से.) की उपस्थिति में साप्ताहिक जनरल परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत परेड कमांडर एवं रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन द्वारा पुलिस अधीक्षक को सलामी देकर की गई। इसके बाद एसपी ने परेड का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के टर्नआउट, अनुशासन और परेड प्रदर्शन का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट टर्नआउट एवं बेहतर प्रदर्शन करने वाले चार अधिकारी-कर्मचारियों को उत्साहवर्धन के उद्देश्य से पुरस्कृत किया गया। इसके बाद आयोजित ओआर (ऑर्डरली रूम) में अनुशासनहीनता से जुड़े चार प्रकरणों का निराकरण किया गया तथा कर्मचारियों को अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा बलरामपुर पुलिस इकाई को आवंटित एक नई बस एवं 18 नई मोटरसाइकिलों का भी शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को रवाना किया। इन नए वाहनों से पुलिस की गश्त, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपातकालीन पुलिस सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी। इसके पश्चात सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के अवसर पर ‘एकता वृक्षारोपण’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी, उप पुलिस अधीक्षक प्रमोद किस्पोट्टा एवं मोहम्मद याकूब मेमन, निरीक्षक सुनील केरकेट्टा, देवेंद्र ठाकुर, सुशील चंद कर्ष, राजेंद्र यादव, सुधीर मिंज, प्रशिक्षु सूबेदार ज्योति साहू सहित मुख्यालय एवं आसपास के थाना-चौकियों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur