-संवाददाता-
सूरजपुर 10 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में सूरजपुर पुलिस ने जिलेभर में वृहद एकता वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। अभियान के तहत पुलिस कार्यालयों, पुलिस लाइन तथा जिले के सभी 23 थाना-चौकी परिसरों में 1000 से अधिक पौधे लगाए गए। अभियान की शुरुआत पुलिस लाइन सूरजपुर में डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर द्वारा पौधारोपण कर की गई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, पुलिस राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।
सभी ने पौधारोपण के साथ लगाए गए
पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया, इस अवसर पर डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि भारत की एकता और अखंडता के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी 150वीं जयंती पर लगाए गए ये ‘एकता वृक्ष’ आने वाली पीढि़यों को पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का संदेश देंगे, उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल हरियाली बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि स्वच्छ वातावरण, जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और स्वस्थ भविष्य की आधारशिला भी हैं, यदि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा सकारात्मक परिवर्तन संभव है, सूरजपुर पुलिस का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur