घड़ी चौक पर पुलिस से नोकझोंक के बीच हुआ विरोध प्रदर्शन,कांग्रेस बोली…लोकतंत्र और विपक्ष की आवाज दबाने की साजिश
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। केंद्र और छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पर केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने शुक्रवार को अंबिकापुर के घड़ी चौक में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया। तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है और जांच एजेंसियों का उपयोग राजनीतिक हथियार के रूप में किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उनका आरोप था कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल,उनके परिवार के सदस्यों,पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा, विधायक देवेंद्र यादव सहित कई वरिष्ठ नेताओं के विरुद्ध जांच एजेंसियों के माध्यम से कार्रवाई कर उन्हें मानसिक और राजनीतिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा है। कांग्रेस का कहना है कि यह कार्रवाई कानून के शासन के तहत नहीं, बल्कि राजनीतिक दबाव बनाने के उद्देश्य से की जा रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में एक साथ विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए। इसी क्रम में सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ने घड़ी चौक को प्रदर्शन स्थल बनाया। दोपहर बाद शुरू हुए प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और भाजपा सरकार के खिलाफ लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कथित राजनीतिक प्रतिशोध का विरोध किया।
पुलिस से हुई नोकझोंक : कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस प्रशासन ने पुतला दहन रोकने का प्रयास किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच कुछ देर तक धक्का-मुक्की और नोकझोंक की स्थिति भी बनी। हालांकि कार्यकर्ताओं ने पुतला अपने कब्जे में रखते हुए अंततः उसका दहन कर दिया। इस दौरान कुछ समय के लिए घड़ी चौक पर यातायात भी प्रभावित रहा।
बारिश भी नहीं रोक सकी प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान तेज बारिश शुरू हो गई, लेकिन कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। कांग्रेस नेताओं के अनुसार बारिश के बावजूद पुतला दहन सफल बनाने के लिए विशेष तैयारी की गई थी। पुतला तैयार करने में फोम और थिनर का उपयोग किया गया ताकि लगातार बारिश के बीच भी वह पूरी तरह जल सके। कांग्रेस का दावा है कि बारिश के बावजूद पुतला पूरी तरह जल गया और कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारे लगाए।
कांग्रेस ने लगाए गंभीर राजनीतिक आरोप
मीडिया से चर्चा करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा पूरे देश में विपक्ष को समाप्त कर एकपक्षीय राजनीति स्थापित करना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले विपक्षी नेताओं के खिलाफ झूठे आरोप लगाए जाते हैं, फिर जांच एजेंसियों के माध्यम से कार्रवाई कर राजनीतिक दबाव बनाया जाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई नहीं होती,जबकि विपक्षी नेताओं के मामलों में जांच एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो जाती हैं। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का उदाहरण बताते हुए कहा कि जनता भाजपा के इस कथित दोहरे रवैये को समझ रही है और भविष्य में इसका जवाब देगी।
बड़ी संख्या में शामिल
हुए कांग्रेस पदाधिकारी
प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जे.पी. श्रीवास्तव, शफी अहमद, द्वितेंद्र मिश्रा, हेमंत सिन्हा, मोहम्मद इस्लाम, रामविनय सिंह, प्रशांत सिंह ‘चीकू’, इंद्रजीत सिंह धंजल, दुर्गेश गुप्ता, संजय सिंह, अशफाक अली, मोहम्मद हसन, कलीम खान, मोहम्मद बाबर, जमील खान, विकल झा, जीवन यादव, गुरुप्रीत सिद्धू, सोहन जायसवाल, निकी खान, सतीश बारी, अमित सिन्हा, प्रीतपाल सिंह ‘लकी’, मोंटी, अविनाश कुमार, अमित सिंह, गीता रजक, मोहम्मद इमरान, विकास शर्मा, रोशन कन्नौजिया, तीरथ चौधरी, केदार यादव, उर्मिला विश्वास, अनुराधा सिंह, अंकित जायसवाल, मोहम्मद अख्तर, शिफ्तीन रजा, शरीक अली, राहुल सोनी, सत्यम सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur