भोपाल,10 जुलाई 2026। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है जबकि चर्चा पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की हो रही थी। दतिया सीट पर पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का वर्चस्व रहा है। यहां से उपचुनाव की घोषणा के बाद से नरोत्तम मिश्रा चुनावी तैयारियों में जुटे थे। सभाएं करके अपनी पुरानी गलतियों पर माफी मांग रहे थे। उन्होंने बुधवार को नामांकन फॉर्म भी खरीद लिया था। इसी बीच केंद्रीय संगठन ने आशुतोष का नाम घोषित कर दिया। आशुतोष तिवारी लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं। संभागीय संगठन मंत्री के अलावा मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन (कैबिनेट मंत्री के दर्जा) भी रह चुके हैं। उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के करीबी नेताओं में माना जाता है। मूल रूप से वे दतिया जिले के भांडेर क्षेत्र के रहने वाले हैं और लंबे समय से संघ व संगठन में सक्रिय रहे हैं। उनकी छवि एक शांत, मृदुभाषी और संघर्षशील नेता की है। गौरतलब है कि वर्ष 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में दतिया सीट से कांग्रेस के राजेंद्र भारती विजयी हुए थे। उन्होंने नरोत्तम मिश्रा को हराया था, लेकिन बैंक फर्जीबाड़े के एक मामले में एमपीएमएलए अदालत ने भारती को तीन वर्ष की सजा सुनाई थी। भारती ने इसे दिल्ली उच्च न्यायालय में चुनौती भी दी थी। उनकी अपील भी शुक्रवार को खारिज कर दी गई। इसके बाद अब उपचुनाव का रास्ता साफ़ हो गया है। कांग्रेस ने अभी दतिया सीट पर अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है।
अयोध्या : वेतन नहीं मिलने का आरोप,चढ़ावा गिनने वाले 20 से ज्यादा कर्मचारियों ने दिया इस्तीफा
अयोध्या,१० जुलाई २०२६। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की गणना का कार्य इन दिनों गंभीर संकट से जूझ रहा है। मंदिर में दान की गिनती में लगे 20 से अधिक कर्मचारियों ने एक साथ काम छोड़ दिया है। इन कर्मियों का आरोप है कि मंदिर प्रशासन द्वारा उनका कार्यभार तो काफी बढ़ा दिया गया, लेकिन उसके अनुरूप उन्हें उचित पारिश्रमिक या पेमेंट नहीं मिल रही थी। इस असंतोष के चलते कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा देने का निर्णय लिया। इस बड़े पैमाने पर हुए इस्तीफों के कारण अब मंदिर प्रशासन को अपनी कार्यप्रणाली में बदलाव करना पड़ा है। अब तक दो शिफ्टों (सुबह 8 से 2 और दोपहर 2 से 8) में होने वाला गणना का कार्य अब केवल एक ही शिफ्ट में सिमट गया है। कर्मचारियों की कमी को देखते हुए राम मंदिर ट्रस्ट ने अब दान की गिनती का नया समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur