Breaking News

अम्बिकापुर@12वीं में शीना मेहता बनीं जिले की टॉपर, मॉन्टफोर्ट स्कूल में मेधावियों का भव्य सम्मान

Share

  • 97.2′ अंक हासिल कर जिले में लहराया परचम,10वीं में समर्थ वराडे ने 96.6′ के साथ विद्यालय में किया टॉप;आईजी दीपक कुमार झा बोले…सफलता का असली आधार अनुशासन,चरित्र और निरंतर परिश्रम

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शिक्षा केवल अच्छे अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं,बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और जीवन मूल्यों को आत्मसात करने की प्रक्रिया है। इसी सोच को साकार करते हुए मॉन्टफोर्ट स्कूल,अंबिकापुर में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य एवं गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए शील्ड एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के बैंड दल ने आकर्षक धुनों के साथ मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत,मनमोहक नृत्य,समूहगान तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह को यादगार बना दिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत एक प्रेरणादायी नाटक ने यह संदेश दिया कि कठिन परिश्रम,आत्मविश्वास,सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। नाटक की प्रस्तुति ने अभिभावकों और अतिथियों की खूब सराहना बटोरी। कार्यक्रम का सबसे गौरवपूर्ण क्षण तब आया जब कक्षा 12वीं की छात्रा शीना मेहता को 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले की टॉपर बनने पर विशेष सम्मान दिया गया। जैसे ही उनके नाम की घोषणा हुई,पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। शीना की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय,बल्कि पूरे अंबिकापुर जिले का गौरव बढ़ाया। वहीं कक्षा 10वीं में समर्थ वराडे ने 96.6 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। समारोह में अन्य मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कक्षा 12वीं में आयुष ठाकुर और दिव्या तिग्गा ने 92.4-92.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं कक्षा 10वीं में सृष्टि चौधरी और तृप्ति गुप्ता ने 95.2-95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए,जबकि स्नेहा टोप्पो ने 93.6 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय का नाम रोशन किया। सभी विद्यार्थियों को शील्ड,प्रशस्ति-पत्र एवं शुभकामनाओं के साथ सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता,शिक्षकों और विद्यालय परिवार को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन,समय का बेहतर प्रबंधन, शिक्षकों का मार्गदर्शन और परिवार का सहयोग उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत रहे। विद्यार्थियों ने जूनियर छात्रों को भी लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। मुख्य अतिथि दीपक कुमार झा ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि परीक्षा के अंक जीवन की सफलता का अंतिम पैमाना नहीं होते। वास्तविक सफलता उस व्यक्ति को मिलती है, जो अनुशासन,ईमानदारी, मजबूत चरित्र और निरंतर सीखने की इच्छा को अपने जीवन का हिस्सा बनाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर का चयन करें तथा केवल दूसरों की देखा-देखी निर्णय न लें। उन्होंने असफलताओं को जीवन का महत्वपूर्ण शिक्षक बताते हुए कहा कि हर चुनौती व्यक्ति को और अधिक मजबूत बनाती है। उन्होंने सोशल मीडिया और इंटरनेट के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से तकनीक का सकारात्मक एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम ज्ञान का बड़ा स्रोत है,लेकिन इसका विवेकपूर्ण उपयोग ही भविष्य को बेहतर बना सकता है। उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों के साथ संवाद बनाए रखें और उनकी गतिविधियों पर सकारात्मक नजर रखें ताकि वे सही दिशा में आगे बढ़ सकें। विद्यालय के प्राचार्य एस. गैब्रियल ने स्वागत भाषण में कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता केवल परीक्षा के अंकों तक सीमित नहीं होती,बल्कि उसका चरित्र,व्यवहार, अनुशासन और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने और निरंतर अभ्यास करते रहने की सलाह दी। भगवद्गीता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मनुष्य को परिणाम की चिंता किए बिना पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। यही सोच जीवन में स्थायी सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक,शिक्षक,विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर गर्व और उत्साह का वातावरण बना रहा। सम्मान समारोह ने यह संदेश दिया कि मेहनत,अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक सोच के बल पर कोई भी विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकता है। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ स्वस्तिक ढाबा में जुए पर पुलिस का छापा

Share ..8 जुआरी गिरफ्तार,8 लाख से अधिक का मशरुका जब्त-संवाददाता-अम्बिकापुर,09 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस …

Leave a Reply