Breaking News

अम्बिकापुर@राजधानी बस की चपेट में आने से प्रधान आरक्षक की मौत

Share

लुचकी घाट के पास दर्दनाक हादसा,पुलिस लाइन में पदस्थ जवान की मौके पर मौत,बस जब्त,चालक पर केस दर्ज
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,08 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शहर की पुलिस लाइन में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक की मंगलवार रात अंबिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। लुचकी घाट के पास तेज रफ्तार राजधानी बस की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही जान चली गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। हादसे के बाद बस को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम गोदा मानापारा निवासी 53 वर्षीय श्रीराम लकड़ा अंबिकापुर पुलिस लाइन में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। वे गांधीनगर स्थित पुलिस कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। मंगलवार सुबह करीब 10ः30 बजे वे ड्यूटी पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। रात करीब 11 बजे उनकी पत्नी ने मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। परिजनों ने पहले यह समझा कि वे किसी आवश्यक कार्य में व्यस्त होंगे। बुधवार सुबह पुलिस कॉलोनी के कर्मचारियों से सड़क दुर्घटना में उनकी मौत की सूचना मिलने पर परिवार में मातम छा गया। इसके बाद परिजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार मंगलवार रात करीब 9 बजे लुचकी घाट के पास उनकी बाइक को राजधानी बस क्रमांक सीजी 15 ए 5316 ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि प्रधान आरक्षक श्रीराम लकड़ा लुचकी घाट क्षेत्र में किस उद्देश्य से गए थे, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक अनुमान है कि वे अपने गृहग्राम बतौली गए थे और वापस लौटते समय दुर्घटना का शिकार हो गए।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@गंगापुर के पास भीषण सड़क हादसा बाइक सवार तीन युवकों की मौत

Share लटोरी क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर,एक युवक को दूर तक घसीटता ले …

Leave a Reply