-संवाददाता-
अम्बिकापुर,07 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। बतौली विकासखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने निर्माणाधीन पुलिया की गुणवत्ता और निर्माण की धीमी रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज बहाव के कारण पुलिया का अस्थायी डायवर्सन पूरी तरह बह गया,जिससे ग्राम करदना सहित छह गांवों का बतौली मुख्यालय से सड़क संपर्क टूट गया है। मार्ग बंद होने से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया का निर्माण कार्य पिछले पांच महीनों से अधूरा पड़ा है। समय पर निर्माण पूरा नहीं होने और ठेकेदार की लापरवाही का खामियाजा अब आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। डायवर्सन बह जाने से स्कूली बच्चों,किसानों और ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि संबंधित स्कूलों के शिक्षकों को करीब तीन किलोमीटर तक कीचड़ भरे रास्ते से पैदल चलकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। वहीं बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है,जिससे मरीजों को अस्पताल पहुंचाने,ग्रामीणों को तहसील और थाना आने-जाने तथा आवश्यक सामग्री के परिवहन में भी गंभीर परेशानियां उत्पन्न हो गई हैं। इस संबंध में पीएमजीएसवाई के कार्यपालन अभियंता विकास कौशिक ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण डायवर्सन बह गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur