नोटिस जारी,समय सीमा में कब्जा नहीं हटाने पर चलेगा बुलडोजर कार्रवाई की जद में हाल ही में जेल से छूटा वासेपुर का गैंगस्टर भी…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,07 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। करधोनी गांव में सरकारी वन भूमि पर किए गए बड़े पैमाने के अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग और राजस्व विभाग ने संयुक्त अभियान शुरू कर दिया है। विभागीय जांच में करीब 70 एकड़ वन भूमि पर अवैध कब्जे की पुष्टि होने के बाद संबंधित कब्जाधारियों को अतिक्रमणकारी घोषित करते हुए नोटिस जारी किए गए हैं। सभी को तीन दिनों के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है। वन विभाग और भू-अभिलेख शाखा की संयुक्त जांच में राजस्व अभिलेखों एवं दस्तावेजों के सत्यापन के बाद अतिक्रमण की पुष्टि हुई। इसके आधार पर वैधानिक कार्रवाई शुरू करते हुए कब्जाधारियों को नोटिस थमाए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि तय समय सीमा में जमीन खाली नहीं की गई तो प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक इस कार्रवाई की जद में कुछ ऐसे लोग भी हैं जिनका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इनमें वासेपुर का एक कुख्यात गैंगस्टर भी शामिल बताया जा रहा है,जो करीब दो माह पहले अंबिकापुर केंद्रीय जेल से रिहा हुआ था। वह जमीन फर्जीवाड़े के एक मामले में कोतवाली पुलिस की कार्रवाई के बाद केंद्रीय जेल में निरुद्ध रहा था। वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। विभाग ने कहा कि अभियान लगातार जारी रहेगा और जहां-जहां अतिक्रमण की पुष्टि होगी, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur