Breaking News

अम्बिकापुर@चलती बस में गूंजी किलकारी…महिला यात्रियों ने कराया सुरक्षित प्रसव,मां-बेटा दोनों स्वस्थ

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,07 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। मूसलाधार बारिश के बीच कोरबा से पटना जा रही एक स्लीपर बस में सोमवार रात इंसानियत और महिला शक्ति की मिसाल देखने को मिली। प्रसव पीड़ा से तड़प रही एक नवविवाहिता की मदद के लिए बस में सफर कर रही महिला यात्रियों ने आगे बढ़कर बस के भीतर ही सुरक्षित प्रसव कराया। बेटे के जन्म के साथ ही बस में किलकारियां गूंज उठीं और यात्रियों का सफर खुशी के माहौल में बदल गया। जानकारी के अनुसार राजहंस स्लीपर बस कोरबा से बिहार के पटना जा रही थी। अंबिकापुर से प्रतापपुर होते हुए सेमरसोत मार्ग पर पहुंचने के दौरान एक नवविवाहिता को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। महिला के पति ने तत्काल बस के परिचालक और यात्रियों को इसकी जानकारी दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बस को सुरक्षित स्थान पर रोका गया। बस में यात्रा कर रही सुनती देवी सहित अन्य महिला यात्रियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए बस के भीतर ही सुरक्षित प्रसव कराया। कुछ ही देर में महिला ने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। नवजात के जन्म के साथ ही बस में मौजूद यात्रियों ने राहत की सांस ली और तालियां बजाकर मां और बच्चे का स्वागत किया। कई यात्रियों ने इस भावुक और प्रेरणादायक पल को अपने मोबाइल फोन में कैद किया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। नवजात के जन्म की खुशी में बस में मौजूद यात्रियों ने बच्चे के पिता को शगुन के रूप में नकद राशि भेंट कर शुभकामनाएं दीं। बलरामपुर पहुंचने पर सभी यात्रियों के सहयोग से जच्चा-बच्चा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद मां और नवजात दोनों को पूरी तरह स्वस्थ बताया।


Share

Check Also

खड़गवां @खड़गवां में प्रधानमंत्री आवास योजना पर सवाल….पक्के मकान वालों को भी लाभ देने का आरोप,पुराने घर की छत पर आवास निर्माण की शिकायत,जांच की मांग

Share -राजेन्द्र शर्मा-खड़गवां,30 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने …

Leave a Reply