नई दिल्ली,06 जुलाई 2026। भारत निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की तीन खाली सीटों पर होने वाले उपचुनाव का ऐलान कर दिया है। सुखेंदु शेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बड़ाईक के इस्तीफे के बाद ये सीटें रिक्त हो गई थीं। इन सीटों को भरने के लिए अब चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक,इन तीनों सीटों पर उपचुनाव 24 जुलाई 2026 को होगा। मतदान सुबह 9 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलेगा। वोटिंग खत्म होने के ठीक बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया 7 जुलाई को अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू हो जाएगी। इस चुनाव में सबसे खास बात यह है कि तीनों सीटों का कार्यक्रम एक जैसा होने के बावजूद इन्हें अलग-अलग माना जाएगा। कानून के जानकारों और अदालत के पुराने फैसलों के मुताबिक, हर सीट के लिए अलग से अधिसूचना जारी होगी। मतदान के दौरान निष्पक्षता बनाए रखने के लिए आयोग ने विशेष बैंगनी स्केच पेन का इस्तेमाल अनिवार्य किया है। इसके अलावा पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए विशेष पर्यवेक्षकों की तैनाती भी की जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur