6 जुलाई को थाना चौक से आईजी कार्यालय तक होगा मार्च,सौंपा जाएगा ज्ञापन
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। जिला कांग्रेस कमेटी, सरगुजा ने सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं समर्थकों से जुड़े आपराधिक मामलों में पुलिस की कथित निष्क्रियता के विरोध में 6 जुलाई को ‘न्याय रैली’ निकालने की घोषणा की है। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी सूचना के अनुसार, यह रैली 6 जुलाई 2026, सोमवार को शाम 3ः30 बजे थाना चौक से प्रारंभ होकर आईजी कार्यालय तक जाएगी। रैली के समापन पर पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) को निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। कांग्रेस का आरोप है कि सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों के विरुद्ध दर्ज आपराधिक मामलों में पुलिस अपेक्षित कार्रवाई नहीं कर रही है। इसी के विरोध में पार्टी न्याय रैली आयोजित कर प्रशासन का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित करेगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं,पदाधिकारियों, समर्थकों तथा न्यायप्रिय नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष कानून व्यवस्था और न्याय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह रैली आयोजित की जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur