Breaking News

मनेंद्रगढ़@ नकली मंगलसूत्र मामला: कांग्रेस नेता की शिकायत को जांच में मिली प्रथम दृष्टया पुष्टि, विभाग की पूर्व प्रेस विज्ञप्ति पर उठे सवाल

Share


कलेक्टर की जांच समिति ने शिकायत को प्रथम दृष्टया सही माना...संबंधित अधिकारी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा,कांग्रेस ने विभागीय ‘क्लीन चिट’ पर उठाए प्रश्न
-संवाददाता-
मनेंद्रगढ़,05 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत वितरित मंगलसूत्रों की गुणवत्ता को लेकर उठे विवाद में नया मोड़ आ गया है, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के अध्यक्ष सौरव मिश्रा द्वारा जिला कलेक्टर को दी गई शिकायत की जांच में जिला प्रशासन की गठित समिति ने शिकायत को प्रथम दृष्टया सही पाया है, जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में खरीद प्रक्रिया और सामग्री वितरण में कई अनियमितताओं का उल्लेख करते हुए संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की है, वहीं कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया है कि जांच पूरी होने से पहले महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में पूरे मामले को निराधार बताया गया था, जिस पर अब सवाल खड़े हो रहे हैं। सौरव मिश्रा ने बताया कि उन्होंने 18 जून 2026 को जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत देकर 10 फरवरी 2026 को विकासखंड खड़गवां के चनवारीडांड स्थित महामाया मंदिर परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के सामूहिक विवाह कार्यक्रम में वितरित मंगलसूत्रों की गुणवत्ता की जांच की मांग की थी, शिकायत में कहा गया था कि कार्यक्रम में 184 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया था तथा कुछ नवविवाहित महिलाओं ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया था कि उन्हें चांदी के स्थान पर निम्न गुणवत्ता वाले मंगलसूत्र दिए गए,मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर ने जांच समिति गठित की, कांग्रेस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने से पहले ही महिला एवं बाल विकास विभाग के संचालक द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मामले को तथ्यहीन बताया गया, जबकि बाद में कलेक्टर द्वारा संचालक को भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया कि जांच समिति के अनुसार शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाई गई है, कलेक्टर ने जांच प्रतिवेदन और संबंधित दस्तावेज आगे की कार्रवाई के लिए विभाग को प्रेषित कर दिए हैं, जांच समिति की रिपोर्ट के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के लिए 92 लाख रुपये का आवंटन प्राप्त हुआ था, प्रत्येक हितग्राही के लिए निर्धारित राशि में उपहार सामग्री हेतु प्रति जोड़ा 7,000 रुपये का प्रावधान था, जिसमें चांदी का मंगलसूत्र भी शामिल था, रिपोर्ट में उल्लेख है कि जिला स्तरीय क्रय समिति ने चांदी का मंगलसूत्र खरीदने तथा प्राथमिकता के आधार पर जेम पोर्टल के माध्यम से खरीद की अनुशंसा की थी, लेकिन कथित रूप से निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया, जांच रिपोर्ट में सीमित निविदा प्रक्रिया, क्रय समिति के अनुमोदन, सामग्री के भौतिक सत्यापन तथा भुगतान से पूर्व आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृतियों सहित कई प्रक्रियात्मक कमियों का उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि गुणवत्ता संबंधी शिकायत मिलने के बाद संबंधित फर्म के भुगतान से प्रति मंगलसूत्र 1,000 रुपये की कटौती कर कुल 1.84 लाख रुपये हितग्राही महिलाओं के खातों में अंतरित किए गए, कांग्रेस का कहना है कि यदि शिकायत पूरी तरह निराधार थी तो भुगतान में कटौती क्यों की गई, जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में जिला कार्यक्रम अधिकारी आदित्य शर्मा द्वारा क्रय समिति की अनुशंसाओं की अवहेलना, निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं करने तथा बिना आवश्यक अनुमोदन भुगतान किए जाने का उल्लेख करते हुए उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की है, इस मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं ने दोषी अधिकारियों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल, जिला कांग्रेस महामंत्री पूनम सिंह, पूर्व जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष रूमा चटर्जी, पार्षद किरण कुजूर, पूर्व पार्षद हमीदा खातून तथा पूर्व महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शोभना वर्मा ने भी जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों की जवाबदेही तय करने तथा विभाग द्वारा जांच पूरी होने से पहले जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ थाने के सामने महिला अधिकारी से चेन स्नेचिंग बेखौफ बदमाशों ने पुलिस को दी खुली चुनौती

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,16 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शहर में चेन स्नेचिंग की घटनाएं एक बार फिर सिर …

Leave a Reply