- ,11 हजार वोल्ट के झूलते तार की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत
- ग्रामीणों का आरोप…लिखित शिकायत के बावजूद नहीं जागा बिजली विभाग, अब जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग
-राजेन्द्र शर्मा-
खड़गवां/एमसीबी,04 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के खड़गवां विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मेंडरा में बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक महिला की जान पर भारी पड़ गई। तालाब की मेड़ के पास लंबे समय से झूल रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से लगभग 50 वर्षीय महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है, ग्रामीणों का आरोप है कि इस हादसे की जिम्मेदारी सीधे तौर पर बिजली विभाग की लापरवाही पर तय होनी चाहिए, क्योंकि इस संबंध में करीब एक वर्ष पहले लिखित शिकायत भी की गई थी, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
ग्रामीणों एवं ग्राम पंचायत के सरपंच के अनुसार,तालाब खुदाई के दौरान बिजली का पोल टेढ़ा हो गया था,इसके कारण 11 केवी की हाईटेंशन लाइन सामान्य ऊंचाई से काफी नीचे आ गई और कई महीनों से जमीन से महज चार फीट की ऊंचाई पर झूल रही थी,यह स्थिति लगातार दुर्घटना को आमंत्रित कर रही थी, पंचायत ने इस गंभीर खतरे को देखते हुए बिजली विभाग को लिखित शिकायत देकर पोल सीधा कराने और तार को सुरक्षित ऊंचाई पर ले जाने की मांग की थी। ग्रामीणों का दावा है कि शिकायत की पावती भी उनके पास मौजूद है,लेकिन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया,बताया जा रहा है कि हादसे के दिन महिला तालाब की मेड़ से होकर गुजर रही थी। झूल रहे हाईटेंशन तार पर उनका ध्यान नहीं गया और वह सीधे उसकी चपेट में आ गईं, तेज करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए, ग्रामीणों का कहना है कि यदि बिजली विभाग समय रहते शिकायत पर कार्रवाई कर देता तो यह हादसा टाला जा सकता था। उनका आरोप है कि विभाग की उदासीनता और लापरवाही के कारण एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया। अब मृतका के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, घटना के बाद ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है, साथ ही मृतका के परिजनों को पर्याप्त आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की मांग भी की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि जिले के कई गांवों में बिजली के पोल टेढ़े हैं और हाईटेंशन लाइनें नीचे झूल रही हैं,जिससे भविष्य में भी ऐसे हादसों की आशंका बनी हुई है, उन्होंने प्रशासन से जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर ऐसे सभी खतरनाक बिजली ढांचे की जांच कराने और तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने की मांग की है, स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं बल्कि एक ऐसी त्रासदी है, जिसे समय रहते रोका जा सकता था,यदि शिकायतों पर समय पर कार्रवाई होती,तो आज एक महिला की जान बचाई जा सकती थी,अब इस पूरे मामले में प्रशासन और बिजली विभाग की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं,ग्रामीणों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या विभाग इस मामले में जिम्मेदारी तय करेगा, दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी,और क्या पीडि़त परिवार को न्याय एवं उचित मुआवजा मिल पाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur