Breaking News

सूरजपुर@ आंधी-तूफान आया तो शिक्षकों का वेतन कटना तय?

Share

वीएसके ऐप की तकनीकी खामियों और नेटवर्क समस्या से बढ़ी शिक्षकों की चिंता, संघ ने वैकल्पिक व्यवस्था की उठाई मांग
-संवाददाता-
सूरजपुर,04 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।
प्रदेश सरकार द्वारा जुलाई माह से वीएसके ऐप के माध्यम से शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य किए जाने और उपस्थिति दर्ज नहीं होने की स्थिति में वेतन कटौती के निर्देश के बाद शिक्षकों में चिंता बढ़ गई है,विशेषकर दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पदस्थ शिक्षक सर्वर, नेटवर्क और बिजली की समस्या के बीच स्वयं को असहाय महसूस कर रहे हैं,उनका कहना है कि बरसात के मौसम में यदि आंधी-तूफान, बिजली बाधित होने या मोबाइल नेटवर्क ठप होने जैसी स्थिति उत्पन्न होती है तो विद्यालय में उपस्थित रहने के बावजूद उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाएगी, जिसका सीधा असर उनके वेतन पर पड़ेगा। छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सचिन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष राधेश्याम साहू ने बताया कि विकासखंड रामानुजनगर के शिक्षकों से लगातार तकनीकी समस्याओं संबंधी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं,उनके अनुसार कई विद्यालयों में शिक्षक समय पर पहुंचने के बावजूद वीएसके ऐप सही लोकेशन नहीं दिखाता, कई बार ऐप विद्यालय से 2 से 5 किलोमीटर दूर की लोकेशन प्रदर्शित करता है, जिससे चेक-इन और चेक-आउट की प्रक्रिया प्रभावित होती है। इसके अलावा सर्वर स्लो होने, पंजीयन में त्रुटि आने, ओटीपी संबंधी परेशानी तथा कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों में ऐप के पूरी तरह काम नहीं करने जैसी समस्याएं भी सामने आ रही हैं, शिक्षकों का कहना है कि बरसात के दौरान पेड़ गिरने,बिजली आपूर्ति बाधित होने और मोबाइल नेटवर्क ठप हो जाने की घटनाएं सामान्य हैं, ऐसे में यदि तकनीकी कारणों से उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाती है और उसका खामियाजा वेतन कटौती के रूप में भुगतना पड़े तो यह पूरी तरह अनुचित होगा। उनका कहना है कि तकनीकी व्यवस्था की कमियों का दंड कर्मचारियों को नहीं मिलना चाहिए, संघ के पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि वर्तमान व्यवस्था के कारण शिक्षक मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के बजाय उनका समय मोबाइल नेटवर्क खोजने, ऐप चलाने और उपस्थिति दर्ज कराने में व्यतीत हो रहा है। इससे शिक्षण कार्य भी प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है, इन्हीं समस्याओं को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के बैनर तले ब्लॉक अध्यक्ष राधेश्याम साहू के नेतृत्व में शिक्षकों ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा, ज्ञापन में मांग की गई कि वीएसके ऐप की सभी तकनीकी खामियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए तथा नेटवर्क विफल होने,सर्वर डाउन रहने, बिजली बाधित होने या अन्य तकनीकी कारणों से उपस्थिति दर्ज नहीं होने की स्थिति में वैकल्पिक उपस्थिति व्यवस्था लागू की जाए, संघ ने यह भी मांग की कि जब तक प्रदेशभर में तकनीकी व्यवस्था पूरी तरह सुचारु और विश्वसनीय नहीं हो जाती, तब तक केवल ऐप पर उपस्थिति दर्ज नहीं होने के आधार पर वेतन कटौती जैसी दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए, उनका कहना है कि शिक्षा व्यवस्था को तकनीक से जोड़ना स्वागतयोग्य कदम है, लेकिन इसके लिए मजबूत तकनीकी आधारभूत संरचना और व्यावहारिक व्यवस्था भी आवश्यक है, ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष राधेश्याम साहू, उपाध्यक्ष देवमती सिंह, प्रवक्ता सतीश कुमार साहू, प्रमोद कुमार साहू, वरिष्ठ प्रधान पाठक शिवलाल सिंह, सुशील गुप्ता सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।


Share

Check Also

सूरजपुर@दैनिक घटती-घटना की खबर के बाद विभाग जागा, रपटा के अप्रोच रोड पर शुरू हुआ डब्ल्यूएमएम कार्य

Share लगातार प्रकाशित खबरों के बाद पहले बना रपटा,अब एप्रोच सड़क निर्माण की भी हुई …

Leave a Reply