-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। कोटवार एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़, अंबिकापुर के अध्यक्ष सुरेश कुमार के नेतृत्व में कोटवारों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कोटवारों ने नियमित शासकीय कर्मचारी का दर्जा, पारिश्रमिक में वृद्धि, नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता,बेगारी पर रोक तथा शिकायतों की निष्पक्ष जांच जैसी प्रमुख मांगें रखीं।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश के कोटवार वर्षों से शासन-प्रशासन और ग्रामीण जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते आ रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें नियमित कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला है। अल्प पारिश्रमिक में परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है। लंबे समय तक सेवा देने के बाद भी पेंशन, ग्रेच्युटी एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभ नहीं मिलने से कोटवारों का भविष्य असुरक्षित बना हुआ है। एसोसिएशन ने महंगाई को देखते हुए वर्तमान पारिश्रमिक में वृद्धि की मांग करते हुए कहा कि सेवा भूमि नहीं रखने वाले कोटवारों का मानदेय 6 हजार रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये तथा अन्य श्रेणियों के मानदेय में भी उल्लेखनीय वृद्धि की जाए। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि कोटवारों की नियुक्ति में परिवार के पात्र सदस्यों को प्राथमिकता देने के प्रावधान के बावजूद कई स्थानों पर अनियमितताएं हो रही हैं। एसोसिएशन ने नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा कोटवारों से उनके मूल दायित्वों के अतिरिक्त अन्य कार्य कराए जाने पर रोक लगाने, बिना निष्पक्ष जांच किसी भी कोटवार के विरुद्ध निलंबन या पदमुक्ति जैसी कार्रवाई नहीं करने तथा नगर पालिका एवं नगर निगम क्षेत्रों में कोटवारों की नियुक्ति पर लगे प्रतिबंध को हटाने की मांग भी की गई। कोटवार एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए आवश्यक शासनादेश जारी करने का आग्रह किया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur